menu-icon
India Daily

गर्दन में उलझा मांझा, हड्डी तक कटी... गाजियाबाद में दर्दनाक हादसा, चाइनीज मांझे ने बाइक सवार की ली जान

स्वतंत्रता दिवस के दिन एक दर्दनाक हादसा हो गया. शनिवार दोपहर को प्रतिबंधित चाइनीज मांझे ने एक युवक की जान ले ली. एनएच-9 पर यूपी गेट के पास मांझा बाइक सवार रवि राज की गर्दन में उलझ गया. इतनी तेज धार थी कि गला और हड्डी तक कट गई.

antima
Edited By: Antima Pal
गर्दन में उलझा मांझा, हड्डी तक कटी... गाजियाबाद में दर्दनाक हादसा, चाइनीज मांझे ने बाइक सवार की ली जान
Courtesy: X

गाजियाबाद: गाजियाबाद में स्वतंत्रता दिवस के दिन एक दर्दनाक हादसा हो गया. शनिवार दोपहर को प्रतिबंधित चाइनीज मांझे ने एक युवक की जान ले ली. एनएच-9 पर यूपी गेट के पास मांझा बाइक सवार रवि राज की गर्दन में उलझ गया. इतनी तेज धार थी कि गला और हड्डी तक कट गई.

गाजियाबाद में दर्दनाक हादसा

रवि राज नोएडा के अकबरपुर बहरामपुर के रहने वाले थे. मूल रूप से बिहार के वासी थे और ऑनलाइन डिलीवरी का काम करते थे. वे अपने साथी नरेश के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर काम के सिलसिले में जा रहे थे. जब वे यूपी गेट से पहले वाले पुल के पास पहुंचे, तो हवा में लटका चाइनीज मांझा अचानक उनकी गर्दन में फंस गया.

चाइनीज मांझे ने बाइक सवार की ली जान 

कुछ समझने या खुद को बचाने का मौका भी नहीं मिला. धारदार मांझे ने गर्दन को बुरी तरह काट दिया. रवि गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोग दहल गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

इंदिरापुरम के असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस सूर्यबली मौर्य के अनुसार करीब दोपहर 2 बजे दिल्ली एक्सप्रेसवे के पास घायल व्यक्ति की सूचना मिली. खोड़ा और कौशांबी थाने की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. घायल रवि को मैक्स अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. नरेश ने बताया कि मांझे की चपेट में आने के बाद रवि का गला कट गया. उन्होंने घायल साथी की गर्दन पर कपड़ा बांधकर खून रोकने की कोशिश की. घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक लहूलुहान नजर आ रहे हैं.

कौशांबी पुलिस ने पोस्टमार्टम और पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है. यह घटना एक बार फिर चाइनीज मांझे के खतरे को उजागर करती है. कई राज्यों में यह मांझा प्रतिबंधित है क्योंकि इससे कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. बाइक सवार और आम लोग खासकर स्वतंत्रता दिवस जैसे मौकों पर ज्यादा सतर्क रहें.