गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को दहला दिया. सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए एक युवक को सरयू नदी में नहाते समय मगरमच्छ ने हमला कर पानी में खींच लिया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया.
मृतक की पहचान 30 साल के दीपक शर्मा के रूप में हुई है, जो ग्रेटर नोएडा के रहने वाले थे. वह अपनी सास उर्मिला देवी के निधन के बाद गोंडा जिले के उमरी गांव पहुंचे थे. अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान दीपक ने नदी किनारे चिता के लिए गड्ढा खोदने में मदद की थी.
वहां मौजूद लोगों के मुताबिक अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दीपक सरयू नदी में नहाने उतर गए. इसी दौरान अचानक पानी से एक मगरमच्छ निकला और उसने दीपक के सिर को जबड़ों में दबोच लिया. देखते ही देखते मगरमच्छ उन्हें पानी के अंदर खींचकर ले गया. घटना कुछ ही सेकंड में हुई और वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले दीपक नदी में गायब हो चुके थे.
स्थानीय निवासी राजेश शुक्ला ने बताया कि वहां मौजूद लोगों ने दीपक को नदी में उतरने से मना किया था लेकिन उन्होंने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया. घटना के बाद लोगों की चीख-पुकार सुनकर गांव वाले और नाविक मौके पर पहुंचे और तुरंत खोजबीन शुरू की.
सूचना मिलने पर पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं. राजस्व विभाग की टीम ने भी नदी में तलाश अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक दीपक का कोई पता नहीं चल सका.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ से SDRF टीम को बुलाया गया है ताकि सर्च ऑपरेशन तेज किया जा सके. परिवार और गांव के लोग लगातार नदी किनारे इंतजार कर रहे हैं और सभी की नजरें राहत टीम पर टिकी हुई हैं.
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सरयू नदी में मगरमच्छों की मौजूदगी पहले भी देखी गई है, लेकिन इस तरह का हमला बेहद डरावना है.