menu-icon
India Daily

पत्नी का जिम जाना बना मर्डर प्लान का हिस्सा? दिल्ली के सरकारी कर्मचारी पर चाकू से हमला, पत्नी और ट्रेनर गिरफ्तार

दिल्ली सरकार में सीनियर अकाउंटेंट के पद पर काम करने वाले 35 वर्षीय शशांक कंठारिया पर जानलेवा हमला कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी प्रिया और जिम ट्रेनर प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है.

Shilpa Shrivastava
पत्नी का जिम जाना बना मर्डर प्लान का हिस्सा? दिल्ली के सरकारी कर्मचारी पर चाकू से हमला, पत्नी और ट्रेनर गिरफ्तार
Courtesy: X

दिल्ली सरकार में सीनियर अकाउंटेंट के पद पर काम करने वाले 35 वर्षीय शशांक कंठारिया पर जानलेवा हमला कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी प्रिया और जिम ट्रेनर प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस को शक है कि दोनों ने मिलकर इस हमले की साजिश रची थी. जांच में सामने आया है कि शशांक को अपनी पत्नी और जिम ट्रेनर के रिश्ते के बारे में पता चल गया था. इसके बाद परिवार में तनाव बढ़ गया था. हालांकि, मामले में आरोपों की जांच अभी जारी है.

सोते समय शशांक पर चाकू से हमला:

पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह गाजियाबाद के वसुंधरा स्थित घर में शशांक अपनी छोटी बेटी के साथ सो रहे थे. इसी दौरान आरोपी प्रताप सिंह कथित तौर पर खुले दरवाजे से घर के अंदर पहुंचा और शशांक पर चाकू से कई वार किए. हमले के दौरान शशांक की बेटी जाग गई और रोने लगी. घर से आवाजें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. घायल शशांक को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है. उनकी बेटी को कोई चोट नहीं आई.

जिम में हुई थी दोनों की मुलाकात:

पुलिस के अनुसार, प्रिया वसुंधरा के एक जिम में जाती थी. इसी साल जनवरी में प्रताप सिंह वहां ट्रेनर बना था. जांचकर्ताओं का आरोप है कि फरवरी में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं. पुलिस का कहना है कि सितंबर के आखिर में शशांक को इस रिश्ते की जानकारी मिली. उन्होंने प्रिया से रिश्ता खत्म करने और जिम बदलने या वहां जाना बंद करने के लिए कहा था. जांच में यह भी सामने आया है कि शशांक घर छोड़कर दिल्ली में रहने का प्लान कर रहा था. वह नया घर भी ढूंढ रहे थे. 

भागते आरोपी को सोसायटी के गार्डों ने पकड़ा:

पुलिस के मुताबिक, हमला करने के बाद प्रताप सिंह मौके से भागने लगा. सोसायटी के एक निवासी एमटी जोशी ने उसके हाथों पर खून देखा और उसे पकड़ने की कोशिश की. आरोपी कथित तौर पर उन्हें धक्का देकर आगे भाग गया. इसके बाद सुरक्षा गार्डों ने मोटरसाइकिल से उसका पीछा किया और उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने आरोपी के पास से दो चाकू बरामद करने की बात कही है.

हत्या की कोशिश का मामला दर्ज:

शशांक के भाई रितेश की शिकायत पर पुलिस ने प्रिया और प्रताप सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 333 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है. इनमें हत्या की कोशिश, कुछ परिस्थितियों में चोट पहुंचाने की तैयारी के साथ घर में घुसने और आपराधिक साजिश से जुड़े आरोप शामिल हैं.

दोनों आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. शशांक और प्रिया की शादी 2021 में हुई थी. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है. शशांक की हालत और कथित साजिश से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.