बुलंदशहर: यूपी के जनपद बुलंदशहर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने गुरू शिष्य परंपरा को तार-तार कर दिया है. आरोप है कि यहां के सरकारी स्कूल के हेडमास्टर ने करीब आधा दर्जन बच्चियों के साथ गंदी हरकत की. शिक्षक की इस घिनौनी हरकत की सूचना जब परिजनों को मिली, तो बड़ी संख्या में बच्चियों के परिजन स्कूल पहुंच गए और शिक्षक की जमकर पिटाई कर दी. सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है.
दरअसल, पूरा मामला बुलंदशहर के कोतवाली क्षेत्र के शेखूपुर रौरा स्थित प्राथमिक विद्यालय का है, जिसमें कार्यरत हेडमास्टर पर नाबालिग छात्रों से अश्लील व अनुचित हरकत करने के आरोप लगे हैं. पीड़ित छात्रों ने जब इस मामले के शिकायत पाने परिजनों से की, तो परिजन तिलमिला उठे और स्कूल पहुंच गए. घटना से आक्रोशित परिजनों ने हेडमास्टर की पिटाई कर दी, जिससे मामला तनावपूर्ण हो गया.
ग्रामीणों और पीड़ित छात्राओं के परिजनों द्वारा हेडमास्टर की पिटाई की खबर इलाके में आग की तरह फ़ैल गई. आसपास के लोगों को जब हेडमास्टर की इस घिनौनी हरकत के बारे में जानकारी मिली, तो लोगों में आक्रोश फ़ैल गया. बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने समझदारी दिखाते हुए हेडमास्टर को लोगों के चंगुल से मुक्त कराया .
घटना से आक्रोशित लोग कोतवाली थाने पहुंचे और पुलिस से भी इस मामले की लिखित शिकायत की गई है. लोगों ने पुलिस से इस मामले में आरोपी शिक्षक के खिलाफ अविलंब कड़ी कार्रवाई की मांग की है. जानकारी के मुताबिक आरोपी हेडमास्टर प्राथमिक शिक्षक संघ का ब्लॉक अध्यक्ष भी है .
घटना के सामने आने के बाद से इलाके में आक्रोश फ़ैल गया है. ग्रामीणों और अभिभावकों की मांग है कि आरोपी शिक्षक को तत्काल बर्खास्त किया जाए. मामले की निष्पक्ष जांच कठोर कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने की मांग भी ग्रामीणों ने की है. वही इस पूरे मामले को लेकर कोतवाली प्रभारी सुदेश कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है और रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.