menu-icon
India Daily

1 करोड़ दहेज भी पड़ा कम! 50 लाख और फॉर्च्यूनर की डिमांड… फिर हुई मौत, क्या है सच्चाई?

दीपिका नागर का मामला किसी से छिपा नहीं है. इनकी मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. जहां परिजन ससुराल पक्ष पर आरोप लगाता नजर आ रहा है, वहीं ससुराल पक्ष अपना पलड़ा झाड़ता दिखाई दे रहा है. जानिए पूरे मामले पर दीपिका के घरवालों ने क्या कहा.

Shilpa Shrivastava
1 करोड़ दहेज भी पड़ा कम! 50 लाख और फॉर्च्यूनर की डिमांड… फिर हुई मौत, क्या है सच्चाई?
Courtesy: X

ग्रेटर नोएडा: यूपी के ग्रेटर नोएडा में दीपिका नागर मामले के बारे में तो आपने सुना ही होगा. दीपिका की मौत का कारण छत से गिरना बताया जा रहा है. हालांकि, दीपिका की मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. लड़की के परिजनों नें आरोप लगाया है कि दीपिका को उसके ससुराल वाले लगातार दहेज के लिए परेशान कर रहे थे, जिसके चलते वो बेहद परेशान चल रही थी. 

वहीं, ससुरालवालों ने एक अलग ही दावा किया है. इनका कहना है कि दीपिका छत से गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई. बता दें कि मृत्का के पिता संजय नागर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दीपिका के पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. लेटेस्ट जानकारी के अनुसार, पोस्टमॉर्टम के बाद दीपिका का शव उनके परिवार को सौंप दिया गया है. 

दहेज को लेकर परिजनों का दावा:

दीपिका के घरवालों ने दावा किया है कि उन्होंने उसकी शादी में करीब 1 करोड़ रुपये खर्च किए थे. इसमें लाखों रुपये के जेवर से लेकर घर का सामान और कई तोहफे शामिल थे. इसके साथ ही एक स्कॉर्पियो भी दी गई थी. इतना सब करने के बाद भी ससुरालवाले खुश नहीं थे और उसे दहेज के लिए परेशान कर रहे थे. 

ससुराल पक्ष पर मारपीट के भी लगाए आरोप: 

दीपिका के पिता ने बताया कि उसके ससुराल वाले लगातार 50 लाख रुपये और फॉर्च्यूनर कार की डिमांड कर रहे थे. साथ ही यह भी बताया कि शादी के बाद से ही उसे परेशान किया जाता था. घर के ज्यादातर लोग जिसमें ससुर, सास, ननद और पति शामिल हैं, उससे मारपीट करते थे. जब दीपिका के पिता उसके ससुराल पहुंचे तो ससुराल पक्ष ने उन्हें काफी समझाया. फिर वह अपने घर चले गए. इसके कुछ ही घंटों बाद दीपिका के पिता के पास एक कॉल आता है, जिसमें बताया गया कि उनकी बेटी छत से गिर गई है. बता दें कि जब दीपिका को अस्पताल ले जाया गया तो वो मृत अवस्था में थी. 

शरीर पर थे चोटों के निशान:

दीपिका के घरवालों ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसके शरीर पर गहरी चोटें थीं. परिजनों ने शक जाताया है कि जब उनकी मांगे पूरी नहीं की गईं तो उसे तीसरी मंजिल से फेंस दिया गया. दीपिका की मौत के बाद उसके घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल हो चुका है. दीपिका नागर की मौत के मामले में, मृतक पीड़िता की बहन ने कहा, "मुझे कल रात 2 बजे इस बारे में पता चला. उससे पहले, मैंने रात 11 बजे उससे बात की थी, और उसने मुझे बताया था कि वह बहुत परेशान और चिंतित थी..." 

वहीं, परिवार के एक सदस्य ने कहा, "परसों रात करीब 1 बजे हमें यह जानकारी मिली कि आपकी बेटी छत से गिर गई है. उन्होंने यह नहीं बताया कि वह कैसे गिरी या असल में क्या हुआ था. जब हमने पूछा कि हमारी बेटी कैसे गिरी, तो उन्होंने कोई साफ जवाब नहीं दिया. वे पिछले आठ महीनों से हमारी बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे..."

पुलिस ने क्या कुछ कहा?

इस मामले को लेकर नोएडा के सेंट्रल डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि जब उन्हें सूचना मिली कि दीपिका छत से गिर गई है तो पुलिस तुरंत वहां पहुंची और तत्काल कार्रवाई की. दीपिका के घरवालों की शिकायत के आधार पर मामला भी दर्ज किया गया. फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति और सुसर को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले की जांच जारी है.