उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से एक बड़ी चौंकाने वाली खबर सामने आई है. यहां चालक ने रेलवे ट्रैक पर ट्रक दौड़ा दिया. करीब दो किमी तक ट्रक रेलवे ट्रैक पर सरपट दौड़ता चला गया, उसके बाद जब ट्रक रेलवे ट्रैक पर पड़ी गिट्टी में बुरी तरह फंस गया तो चालक उसे छोड़ भागा. इस घटना के चलते सुल्तानपुर-जौनपुर रेलवे ट्रैक करीब चार घंटे तक बाधित रहा है. ट्रक जेसीबी की मदद से ट्रैक से उतारकर रेलवे ट्रैक को खाली कराया गया. आरपीएफ ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद उसकी तलाश शुरू कर दी है.
घटना सोमवार की सुबह करीब पौने 7 बजे की बताई गई है. सुल्तानपुर-जौनपुर रेलवे ट्रैक पर प्रतापगढ़ में नीमा गोपालपुर हॉल्ट के पास रेलवे क्रॉसिंग का गेट बंद था, इसी बीच तेज रफ्तार में एक ट्रक पहुंचा, चालक ने ट्रक को सीधे रेल ट्रैक पर डाल दिया और दौड़ाता हुआ दो किमी तक चला गया. बताया जा रहा है कि कुछ लोग ट्रक का पीछा कर रहे थे, उन्हीं से बचने के लिए चालक ने ऐसा खतरनाक काम कर डाला, हालांकि गनीमत रही कि उस समय कोई ट्रेन ट्रैक पर नहीं थी, तीन से चार ट्रेन दूसरे स्टेशनों पर रोकनी पड़ीं.
नीमा गोपालपुर हॉल्ट के रेलवे कॉस्रिंग पर विजेंद्र पटेल की डयूटी थी. गेट मैन ने तत्काल कोइरीपुर स्टेशन मास्टर को दी. उन्होंने रेलवे ट्रैक की स्थिति कंट्रोल रूम को बताई और गोपालपुर हॉल्ट की ओर से जाने वाली ट्रेन रोक दी गईं. आरपीएफ इंस्पेक्टर राजकुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे औश्र जेसीबी की मदद से ट्रैक में फंसे ट्रक को हटवाकर ट्रैक खाली कराया. इस घटना के कारण करीब चार घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा.