गाजियाबाद: जनपद गाजियाबाद में अपराध के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है. लोनी के मशहूर यूट्यूबर सलीम वास्तविक पर हमला करने वाले दूसरे आरोपी गुलफाम को भी पुलिस ने मंगलवार तड़के एक मुठभेड़ में मार गिराया. यह गाजियाबाद पुलिस का तीन दिनों के भीतर दूसरा बड़ा फुल एनकाउंटर है. गुलफाम पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था. इस बड़ी कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने सलीम पर हुए हमले का हिसाब चुकता कर दिया है.
गुलफाम मुख्य आरोपी जीशान का बड़ा भाई था. पुलिस ने पिछले 48 घंटों के भीतर दोनों सगे भाइयों को अलग-अलग मुठभेड़ों में ढेर कर दिया है. इससे पहले 1 मार्च को पुलिस ने जीशान को एनकाउंटर में मारा था. शुक्रवार सुबह लोनी में इन दोनों भाइयों ने यूट्यूबर सलीम वास्तविक पर धारदार हथियारों से हमला किया था. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना के आधार पर इन अपराधियों तक पहुंचने में सफल रही.
मंगलवार की रात इंदिरापुरम के वसुंधरा इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच आमना-सामना हुआ. एडिशनल डीसीपी क्राइम पीयूष सिंह और स्वाट टीम ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का इशारा किया. बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं. दोनों ओर से करीब 20 राउंड से ज्यादा फायरिंग हुई. इस गोलाबारी में एक सिपाही भी घायल हुआ है.
पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी पहचान अमरोहा निवासी गुलफाम के रूप में हुई. पुलिस उसे तुरंत अस्पताल ले गई. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर गुलफाम का दूसरा साथी मौके से भागने में सफल रहा. पुलिस कमिश्नर जे रविंदर गौड ने बताया कि गुलफाम पर भी जीशान की तरह ही एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था.
मुठभेड़ स्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को एक आधार कार्ड, एक चाकू, एक तमंचा और एक पिस्टल बरामद हुई है. इसके अलावा मौके से कुछ कारतूस और एक बाइक भी मिली है. पुलिस अब बरामद बाइक की जांच कर रही है ताकि पता चल सके कि वह चोरी की तो नहीं है. बदमाशों ने पुलिस टीम पर एक दर्जन से ज्यादा राउंड फायरिंग की थी, जिससे उनके खतरनाक इरादों का साफ पता चलता है.