उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. वीर नगर मोहल्ले में रहने वाले एक बुजुर्ग दंपती की कथित तौर पर उनके ही दो बेटों ने बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे दोनों की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.
पुलिस के अनुसार, देर रात डायल-112 पर मकान में रहने वाले एक किरायेदार ने फोन कर बताया कि मकान मालिक गंगाशरण, उनकी पत्नी विमलेश और उनके दोनों बेटे दीपक व ललित के बीच घर के अंदर जोरदार विवाद और मारपीट हो रही है. सूचना मिलते ही क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दंपती को अस्पताल पहुंचाया. हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद पुलिस ने मृतक दंपती के दोनों बेटों दीपक और ललित को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस दोनों से अलग-अलग और आमने-सामने बैठाकर पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके. फिलहाल शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा माना जा रहा है, लेकिन पुलिस अन्य सभी संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए. वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम सबूत एकत्र किए. पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम को स्पष्ट किया जाएगा. ग्रामीण पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि डायल-112 पर झगड़े की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी. घायल गंगाशरण और उनकी पत्नी विमलेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उन्होंने बताया कि दोनों बेटों से पूछताछ जारी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद हत्या की वजह और पूरी घटना की सटीक तस्वीर सामने आएगी. फिलहाल इस वारदात के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.