menu-icon
India Daily

NEET UG 2026 Result: पंजाब के सरकारी स्कूलों का कमाल, 882 छात्रों ने पास की NEET; दो साल में दोगुनी हुई सफलता

पंजाब के सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों ने NEET UG 2026 परीक्षा पास की है. शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि दो वर्षों में सरकारी स्कूलों से NEET पास करने वाले छात्रों की संख्या में 100 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है.

babli
Edited By: Babli Rautela
NEET UG 2026 Result: पंजाब के सरकारी स्कूलों का कमाल, 882 छात्रों ने पास की NEET; दो साल में दोगुनी हुई सफलता
Courtesy: AI

पंजाब के सरकारी स्कूलों ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा यानी NEET UG 2026 में राज्य के सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है. शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने इस उपलब्धि पर छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए इसे पंजाब की शिक्षा व्यवस्था में हो रहे सकारात्मक बदलाव का प्रमाण बताया.

शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि वर्ष 2024 में सरकारी स्कूलों के 437 विद्यार्थियों ने NEET परीक्षा पास की थी. वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 847 हो गई और अब वर्ष 2026 में 882 विद्यार्थियों ने परीक्षा पास की है. उन्होंने कहा कि दो वर्षों में सरकारी स्कूलों के सफल छात्रों की संख्या में 100 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है. यह उपलब्धि उस समय हासिल हुई है जब पेपर लीक के कारण परीक्षा दोबारा आयोजित करनी पड़ी थी.

शिक्षा क्रांति का असर

हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों की यह सफलता साबित करती है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर मार्गदर्शन और कठिन मेहनत के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि यह सफलता पंजाब में चल रही शिक्षा क्रांति और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है. सरकार का लक्ष्य हर बच्चे को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समान अवसर उपलब्ध कराना है.

प्रतीक कुमार की सफलता बनी प्रेरणा

इस वर्ष सफल विद्यार्थियों में लुधियाना के स्कूल ऑफ एमिनेंस, सेखेवाल के छात्र प्रतीक कुमार की कहानी सबसे प्रेरणादायक रही. एक निजी स्कूल में 16 हजार रुपये मासिक वेतन पाने वाले शिक्षक के बेटे प्रतीक ने 720 में से 594 अंक हासिल किए और 99.3 प्रतिशत स्कोर प्राप्त किया. प्रतीक ने पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग के PACE कार्यक्रम के तहत मुफ्त ऑनलाइन कक्षाओं और मॉक टेस्ट की मदद से परीक्षा की तैयारी की. अब वह ऑन्कोलॉजिस्ट बनकर कैंसर मरीजों की सेवा करना चाहता है.

प्रतीक के पिता ने कहा कि उन्हें हमेशा विश्वास था कि शिक्षा ही उनके परिवार की किस्मत बदल सकती है. उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार की मुफ्त कोचिंग और मॉक टेस्ट ने उनके बेटे को सही दिशा दी और आज उसका NEET पास करना पूरे परिवार के लिए सबसे खुशी और गर्व का क्षण है.

शिक्षा में पंजाब ने बनाई नई पहचान

शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस वर्ष नीति आयोग की शिक्षा गुणवत्ता रिपोर्ट 2026 में पंजाब ने स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के शीर्ष राज्यों में स्थान हासिल किया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य सरकार विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने, उन्हें बेहतर मार्गदर्शन देने और विश्वस्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है.