संत कबीर नगर में दर्दनाक सड़क हादसा, ऑटो को बस ने मारी टक्कर; एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
Uttar Pradesh Road Accident: एसपी संदीप कुमार मीना के अनुसार, यह हादसा शाम करीब 7:30 बजे मुंडेरवा-कांतेर रोड पर कांते गांव के पास खलीलाबाद पुलिस स्टेशन की सीमा में हुआ. इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई.
Uttar Pradesh Road Accident: उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले में मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ जिसमें एक ही परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा मुण्डेरवा-कांतेर रोड पर कांते गांव के पास करीब 7:30 बजे हुआ.
खलीलाबाद थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में एक ऑटो रिक्शा को एक तेज़ रफ्तार सरकारी बस ने टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
'एक और ने इलाज के दौरान दम तोड़ा'
संत कबीर नगर के पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने जानकारी दी, 'तीन लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि चार गंभीर रूप से घायल थे. इलाज के दौरान एक और व्यक्ति की मौत हो गई.' हादसे में जान गंवाने वालों में 32 वर्षीय सर्वजीत, उनका दो साल का बेटा अर्जुन, 45 वर्षीय भीखना देवी और 35 वर्षीय मुरती देवी शामिल हैं. मुरती देवी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
Also Read
- कानपुर मेट्रो प्रोजेक्ट को बीच में ही छोड़कर भागी तुर्की की कंपनी गुलरमक, उप-ठेकेदारों के 80 करोड़ अटके
- Mayawati Vacates Residence: सुरक्षा कारणों से मायावती ने खाली किया लोधी एस्टेट बंगला, बसपा ने जताई चिंता
- फोन न उठाने पर प्रेमी का टूटा सब्र, वाराणसी से मुंबई आया आशिक; बीच सड़क पर ईंट से किया हमला
तीन घायल गोरखपुर रेफर
पुलिस ने बताया कि घायल तीन अन्य लोगों को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. सभी मृतक एक ही परिवार के थे, जिससे गांव में मातम पसरा है. हादसे के बाद सरकारी बस का चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए थे. हालांकि, पुलिस ने बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया. 'फिलहाल मामले की जांच जारी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है,' एसपी मीना ने कहा.
गांव में पसरा मातम, जांच में जुटी पुलिस
इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है, परिजन सदमे में हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, न्याय की गुहार लगा रहे हैं.