menu-icon
India Daily

फिरोजाबाद में भीषण अग्निकांड, सब्जी मंडी में 50 से ज्यादा दुकानें जलकर राख...व्यापारियों को लाखों का हुआ नुकसान

फिरोजाबाद की सब्जी मंडी में भीषण आग लगने से 50 से ज्यादा दुकानें जल गईं. शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है और व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
फिरोजाबाद में भीषण अग्निकांड, सब्जी मंडी में 50 से ज्यादा दुकानें जलकर राख...व्यापारियों को लाखों का हुआ नुकसान
Courtesy: @ANI x account

नई दिल्ली: रविवार देर रात फिरोजाबाद के शिकोहाबाद स्थित सब्जी मंडी में भीषण आग लगने से अफ़रा-तफ़री मच गई. आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही पलों में लगभग 50 से 60 दुकानें लपटों की चपेट में आ गईं और लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया. वहां मौजूद लोगों ने  बताया कि आग रात लगभग 2:00 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और तेजी से फैलते हुए कुछ ही समय में पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया.

आग की ऊंची-ऊंची लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. आग बुझाने के लिए लगभग एक दर्जन दमकल गाड़ियों को लगाया गया. कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने लगभग तीन घंटे में आग पर काबू पा लिया. 

कितना हुआ नुकसान?

इस भीषण अग्निकांड में सब्जी मंडी के ठेलों के अलावा लगभग आधा दर्जन कपड़ों की दुकानें भी पूरी तरह से नष्ट हो गईं. इसके अलावा कई दोपहिया वाहन जिनमें स्कूटर और मोटरसाइकिलें शामिल थीं. वह भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह से जल गए. व्यापारियों ने बताया कि आग में उन्हें भारी नुकसान हुआ है, जिसमें नकद राशि और माल, दोनों शामिल हैं.

आग लगने की क्या थी वजह?

मुख्य अग्निशमन अधिकारी सत्येंद्र पांडे ने पुष्टि की कि आग पर काबू पा लिया गया है और स्थिति अब सामान्य है. उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि आग का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट था, हालांकि वास्तविक कारणों की अभी भी जांच की जा रही है. 

कैसी है वहां अभी की स्थिति?

उन्होंने यह भी पुष्टि की कि इस घटना में किसी की जान का नुकसान नहीं हुआ है, और न ही किसी के घायल होने की कोई सूचना है. फिलहाल प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और प्रभावित व्यापारियों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है. इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों के बीच चिंता का माहौल व्याप्त है.