menu-icon
India Daily

नशे में चूर पिता बना हैवान, 12 साल की बेटी को दुकान से टॉफी चुराने पर डंडों से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

बुलंदशहर में एक पिता ने नशे में अपनी 12 वर्षीय बेटी की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी. मामूली बात पर हुई इस घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
नशे में चूर पिता बना हैवान, 12 साल की बेटी को दुकान से टॉफी चुराने पर डंडों से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
Courtesy: Pinterest

रतनपुर: बुलंदशहर जिले के गांव रतनपुर से एक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. एक पिता ने कथित तौर पर अपनी 12 वर्षीय बेटी पूजा की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद आरोपी पिता फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है.

मिली जानकारी के अनुसार मृतक बच्ची की मां आरती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति पुष्पेंद्र नशे का आदी है और दूध बेचने का काम करता है. वह अक्सर नशे में घर लौटकर परिवार के साथ मारपीट करता था. घटना वाले दिन गुरुवार को वह गांव की एक दुकान पर गया था, जहां दुकानदार ने बताया कि उसकी बेटी पूजा ने टॉफी का डिब्बा चुरा लिया था.

क्यों की बच्ची की पीटाई?

यह सुनते ही आरोपी गुस्से से भर गया और शाम करीब पांच बजे घर पहुंचते ही उसने बेटी को लकड़ी के डंडे से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. मां आरती ने कई बार अपनी बेटी को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसे बीच में आने से रोक दिया और मारपीट जारी रखी.

कैसे हुई बच्ची की मौत?

पिटाई के दौरान पूजा के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ी. इसके बावजूद आरोपी ने कोई दया नहीं दिखाई और घर का दरवाजा बंद कर दिया. बच्ची काफी देर तक उसी हालत में घर के अंदर पड़ी रही. बाद में मां ने उसकी हालत बिगड़ती देख कपड़े बदले और पति से अस्पताल ले जाने की गुहार लगाई, लेकिन आरोपी ने उसे धमकाया और घर से बाहर निकल गया.

मां के शोर मचाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोलकर बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया. लेकिन तब तक देर हो चुकी थी, चेकअप के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग आरोपी के प्रति गुस्सा जाहिर कर रहे हैं.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के शरीर पर 10 से 12 गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं और सिर की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई है.

सीओ डिबाई मधु कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी पिता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.