लोकसभा में मथुरा (ब्रज) के समग्र विकास को लेकर भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने जोरदार तरीके से अपनी बात रखी। उन्होंने ब्रज क्षेत्र को एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए केंद्र सरकार से विशेष पैकेज की मांग की। अपने संबोधन की शुरुआत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हुए हैं।
सांसद ने कहा कि आज मथुरा को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में पहचान मिल रही है, जिससे देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से वृन्दावन में बढ़ती भीड़ का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान में ही यहां भारी संख्या में श्रद्धालु आते हैं और जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद यह संख्या और तेजी से बढ़ेगी।
पर्यटन विकास के मुद्दे पर बोलते हुए हेमा मालिनी ने कहा कि मथुरा और वृंदावन के घाटों व मंदिरों के आसपास आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने घाटों के सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई और सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान देने की मांग की, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके।
इसके साथ ही उन्होंने ब्रज क्षेत्र की जीवनरेखा कही जाने वाली यमुना नदी की सफाई का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि यमुना के घाटों की नियमित सफाई और सौंदर्यीकरण से न केवल धार्मिक महत्व बढ़ेगा, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
आधारभूत ढांचे को लेकर सांसद ने सड़कों और रेलवे कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उनका कहना था कि ब्रज क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए परिवहन सुविधाओं का विस्तार बेहद जरूरी है। इससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और प्रोत्साहन पर भी उन्होंने विशेष ध्यान दिलाया। उन्होंने ब्रज की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक लोकगीतों और धार्मिक परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं बनाने की मांग की। साथ ही उन्होंने ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग के विकास कार्यों के लिए भी विशेष पैकेज देने की आवश्यकता जताई।
हेमा मालिनी ने कहा कि वह लगातार मथुरा से सांसद के रूप में ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए प्रयासरत हैं और उनका मुख्य लक्ष्य धार्मिक पर्यटन को विश्व स्तर पर स्थापित करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाएगी, जिससे ब्रज क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।