menu-icon
India Daily

गाजियाबाद स्थित तेल फैक्ट्री में भड़की भीषण आग, दूर से धुएं का गुबार देखकर दहशत में आए लोग

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और कई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गई. दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं.

Anuj
Edited By: Anuj
गाजियाबाद स्थित तेल फैक्ट्री में भड़की भीषण आग, दूर से धुएं का गुबार देखकर दहशत में आए लोग
Courtesy: X

गाजियाबाद: साउथ साइड जीटी रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में रविवार दोपहर एक तेल फैक्ट्री में अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि आजाद ऑयल एक्सपेलर नामक इस फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में तेल, कच्चा माल और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाला गत्ता रखा हुआ था, जिसके कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया.

आग की ऊंची-ऊंची लपटें और घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए.

भारी नुकसान होने की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और कई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गई. दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि आग की वजह से फैक्ट्री को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है. 

आग लगने की घटनाओं में इजाफा

जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, वैसे-वैसे आग लगने की घटनाओं में भी इजाफा देखने को मिल रहा है. बढ़ते तापमान, सूखा वातावरण और लापरवाही इसके प्रमुख कारण बन रहे हैं. खासकर औद्योगिक क्षेत्रों, गोदामों और रिहायशी इलाकों में शॉर्ट सर्किट, ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी से आग लगने का खतरा अधिक बढ़ जाता है. ऐसे में जरूरी है कि लोग सतर्क रहें और आग से बचाव के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाए ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके.

24 घंटे के अंदर आग की 3 बड़ी घटनाएं

24 घंटे के अंदर उत्तर प्रदेश और हरियाणा से 3 आग की बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी है. शनिवार दोपहर रामनगरी अयोध्या के माझा जमथरा क्षेत्र में सरयू तट किनारे एक महायज्ञ स्थल पर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई थी. आग तेजी से फैलती देख मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है.

14वीं मंजिल तक फैली आग

वहीं, फरीदाबाद में सेक्टर-78 स्थित हैबिटेट रेजिडेंट्स सोसायटी में शनिवार देर शाम आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया था. आग 12वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में शुरू हुई और देखते ही देखते 13वीं व 14वीं मंजिल तक फैल गई. इस हादसे में करीब पांच फ्लैटों को नुकसान पहुंचा. हालांकि, राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए और किसी के घायल होने की खबर नहीं है.