menu-icon
India Daily

मैं पंडित आदमी, मछली नहीं खाता, CM योगी ने रवि किशन का उड़ाया जमकर मजाक

गोरखपुर में आयोजित एक खास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सांसद रवि किशन के साथ जमकर हंसी-मजाक किया. उन्होंने मंच से मछली खाने और मानद पीएचडी डिग्री को लेकर अभिनेता पर मजेदार चुटकियां लीं.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
मैं पंडित आदमी, मछली नहीं खाता, CM योगी ने रवि किशन का उड़ाया जमकर मजाक
Courtesy: X

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को गोरखपुर के एक महत्वपूर्ण दौरे पर थे. कार्यक्रम के बीच माहौल एकदम से हल्का-फुल्का हो गया. मंच पर सीएम योगी अपने खास अंदाज में स्थानीय सांसद और मशहूर अभिनेता रवि किशन के साथ हंसी-मजाक करने लगे. उनकी इस मजेदार बातचीत ने वहां मौजूद दर्शकों को खूब हंसाया.

महेसरा की मछली मंडी

मुख्यमंत्री ने अचानक महेसरा इलाके की मशहूर मछली मंडी का जिक्र छेड़ दिया. फिर उन्होंने सांसद रवि किशन की तरफ इशारा करते हुए बेहद मजेदार टिप्पणी की. सीएम योगी ने कहा कि पहले महेसरा में बहुत भयंकर जाम लगता था क्योंकि वहां रवि किशन की सबसे ज्यादा पसंद की चीज मिलती है. उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि इन्होंने ही तो बोला था कि बंगाल में चुनाव जीतने के बाद खूब मजे से खाओ. सीएम के इस तंज को सुनकर पूरा पंडाल जोरदार ठहाकों से गूंज उठा.

सांसद की सफाई

मंच से मुख्यमंत्री मछली की बात कर रहे थे, तो पीछे खड़े सांसद रवि किशन मुस्कुराते हुए अपनी सफाई देने लगे. उन्होंने तुरंत कहा कि महाराज जी मैं तो शुद्ध पंडित आदमी हूं, मैं ये सब बिल्कुल भी नहीं खाता. योगी जी ने बिना नाम लिए मछली की ओर इशारा करते हुए कहा कि एक दिन इनके घर के बाहर भारी भीड़ लगी थी और मैं जाम में फंसा था. मैंने सोचा कि आज पक्का इनके यहां ही यह बना है.

मानद पीएचडी की डिग्री पर मजेदार तंज

मछली के बाद मुख्यमंत्री का अगला निशाना रवि किशन की नई-नवेली पीएचडी की डिग्री बनी. सीएम योगी ने किस्सा सुनाते हुए कहा कि अभी कुछ दिन पहले रवि किशन मेरे पास आए और शिकायत करने लगे कि आपने मुझे बधाई ही नहीं दी. मैंने हैरानी से पूछा कि आखिर किस बात की बधाई? तो वह शान से बोले कि मुझे पीएचडी की उपाधि मिली है। मैंने उन्हें समझाया कि वह तो सिर्फ एक मानद उपाधि है, आप इसके दम पर खुद को प्रोफेसर बिल्कुल नहीं लिख सकते.

डॉक्टर लिखने पर क्या होगा मरीजों का हालः सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि अगर आप इस डिग्री को लेकर कहीं जाएंगे तो आपको इसके नाम पर कोई नौकरी तक नहीं मिलेगी, बस इसे गले में टांगकर घूम सकते हैं. योगी जी ने हंसते हुए कहा कि अब ये कह रहे हैं कि मैं अपने नाम के आगे डॉक्टर लिखूंगा. जरा सोचिए अगर ऐसा डॉक्टर किसी का इलाज करने चला जाएगा, तो उस बेचारे मरीज का क्या हाल होगा? अंत में सीएम ने उन्हें बधाई दी और रवि किशन ने उन्हें प्रणाम किया.