SIR

CM योगी आज अयोध्या में करेंगे बड़ा ऐलान, देंगे 432 करोड़ की 217 परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अयोध्या दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह 432 करोड़ रुपये से अधिक की 217 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. कार्यक्रम में जनसभा के साथ कई बड़ी विकास योजनाओं की शुरुआत भी होगी.

X
Babli Rautela

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज एक बार फिर अयोध्या पहुंच रहे हैं. एक महीने से भी कम समय में यह उनका दूसरा अयोध्या दौरा है. इस दौरान वह जिले को 432 करोड़ 70 लाख 9 हजार रुपये की 217 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. मुख्यमंत्री का कार्यक्रम विकासखंड सोहावल में आयोजित होगा, जहां वह बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमित सिंह चौहान के पिता स्वर्गीय मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे और दोपहर में बस्ती के लिए रवाना होंगे.

217 परियोजनाओं का होगा शिलान्यास और लोकार्पण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुल 217 विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे. इनमें 269 करोड़ 39 लाख 22 हजार रुपये की 131 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा, जबकि 163 करोड़ 30 लाख 87 हजार रुपये की 86 परियोजनाओं का लोकार्पण होगा. सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से अयोध्या जिले में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी.

शिलान्यास होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में बीकापुर तहसील के मऊ क्षेत्र में वृहद गो संरक्षण केंद्र का निर्माण शामिल है. इसके अलावा नगर पंचायत बीकापुर और नगर पंचायत सुचितागंज खिरौनी की पेयजल एवं गृह संयोजन योजनाओं की भी शुरुआत की जाएगी. एकीकृत विकास योजना के तहत विकासखंड सोहावल के ग्राम सुरवारी में सामुदायिक केंद्र भवन का निर्माण, कम्पोजिट विद्यालय अर्थर का आधुनिकीकरण और विकासखंड तारून के ग्राम रामपुर प्रताप में सामुदायिक केंद्र का निर्माण भी शुरू होगा. इसके साथ ही राजकीय महिला पॉलिटेक्निक और राजकीय पॉलिटेक्निक अयोध्या में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने के लिए आवश्यक निर्माण कार्यों का भी शिलान्यास किया जाएगा.


इन परियोजनाओं का होगा लोकार्पण

मुख्यमंत्री जिन 86 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे उनमें सड़क निर्माण, पुल और पुलिया, जल निकासी व्यवस्था, बिजली सुविधाओं का विस्तार, स्वास्थ्य केंद्रों का उन्नयन और ग्रामीण विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं. इसके अलावा जनपदीय ड्राइवर हाउस, राजकीय महाविद्यालय, राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय में ट्रांजिट हॉस्टल, अयोध्या सुल्तानपुर मार्ग पर गेट कॉम्प्लेक्स, नगर पंचायत खिरौनी सुचितागंज का पर्यटन विकास कार्य, ग्रामीण पर्यटन सुविधा केंद्र और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोहावल में आधुनिक कार्यशाला एवं प्रशिक्षण केंद्र जैसी परियोजनाएं भी जनता को समर्पित की जाएंगी.

विकास के साथ राजनीतिक संदेश पर भी नजर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब अयोध्या में राम मंदिर दान राशि से जुड़े कथित चोरी के मामले को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म है. इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच लगातार बयानबाजी देखने को मिल रही है. मुख्यमंत्री इससे पहले 19 जून को अयोध्या आए थे, जहां उन्होंने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी. वहीं अखिलेश यादव भी लगातार सोशल मीडिया और प्रेस वार्ता के माध्यम से सरकार पर सवाल उठा रहे हैं.

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विकास परियोजनाओं के साथ मुख्यमंत्री अपनी जनसभा में विपक्ष के आरोपों का जवाब भी दे सकते हैं. हालांकि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अयोध्या में विकास कार्यों को गति देना और नई परियोजनाओं की शुरुआत करना है.