menu-icon
India Daily

CM योगी आदित्यनाथ का विपक्ष पर हमला, कुशीनगर में 525 करोड़ की परियोजनाओं का ऐलान

सीएम योगी आदित्यानाथ ने कुशीनगर में एक कार्यक्रम के दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश की हालत ठीक नहीं थी, क्योंकि उस समय सरकारों में न तो साफ नीयत थी और न ही मजबूत नीति.

Shilpa Shrivastava
CM योगी आदित्यनाथ का विपक्ष पर हमला, कुशीनगर में 525 करोड़ की परियोजनाओं का ऐलान
Courtesy: X (@myogiadityanath)

 

कुशीनगर: सीएम योगी आदित्यानाथ ने कुशीनगर में एक कार्यक्रम के दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश की हालत ठीक नहीं थी, क्योंकि उस समय सरकारों में न तो साफ नीयत थी और न ही मजबूत नीति. इसी वजह से विकास के काम रुक गए थे. उन्होंने कहा कि अगर पिछली सरकारों ने ईमानदारी से काम किया होता, तो आज जो विकास दिख रहा है, वह पहले ही हो चुका होता.

मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि जो लोग आज सरकार पर आरोप लगा रहे हैं, उन्होंने अपने समय में क्या किया. उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और हर व्यक्ति अपने धर्म के अनुसार शांति से त्योहार मना सकता है. उन्होंने कहा कि पहले दुर्गा पूजा, होली और जन्माष्टमी जैसे त्योहारों में भी दिक्कतें आती थीं, लेकिन अब ऐसा नहीं है.

त्योहारों के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश- सीएम योगी

सीएम योगी ने कहा कि अब अगर कोई त्योहारों के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है. इसी दौरान उन्होंने नारा दिया कि अब यूपी में न कर्फ्यू लगता है और न दंगे होते हैं, बल्कि माहौल शांत और बेहतर है.

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कुशीनगर जिले की रामकोला, हाटा और कुशीनगर तहसील के लिए करीब 525 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. साथ ही उन्होंने कई लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रमाणपत्र भी दिए.

सीएम ने किया मंदिरों के विकास का जिक्र:

मंदिरों के विकास का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि अब हर क्षेत्र में मंदिरों का सुधार और रखरखाव किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि पहले मंदिरों के लिए आने वाले पैसे का सही इस्तेमाल नहीं होता था, लेकिन अब सरकार धार्मिक स्थलों के विकास पर ध्यान दे रही है.

रवि किशन का भी किया जिक्र:

कार्यक्रम में मौजूद रवि किशन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने हल्के अंदाज में मजाक भी किया. उन्होंने लोगों से पूछा कि किसने उनकी फिल्म देखी है और कौन उनके साथ काम करना चाहता है. इस पर वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं. मुख्यमंत्री ने बच्चों के अन्नप्राशन का भी जिक्र किया और कहा कि छोटे बच्चों के चेहरे पर मुस्कान देखकर उन्हें खुशी मिलती है. उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए लगातार काम कर रही है.

बच्चों की बीमारी पर पाया गया नियंत्रण- सीएम योगी

बीमारी उन्होंने जापानी इंसेफ्लाइटिस बीमारी का जिक्र करते हुए कहा कि पहले इस बीमारी से कई बच्चों की मौत होती थी, लेकिन अब सरकार ने इस पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया है. इसके अलावा, उन्होंने मुसहर समाज का भी जिक्र किया और कहा कि अब इस वर्ग के लोगों को सम्मान और अधिकार मिल रहे हैं. 

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का फायदा अब हर गरीब तक पहुंच रहा है. अंत में मुख्यमंत्री ने कुशीनगर एयरपोर्ट और सड़कों के विकास की बात की. उन्होंने कहा कि जल्द ही एयरपोर्ट को और बेहतर बनाया जाएगा और इसे बड़े शहरों से जोड़ा जाएगा.