लखनऊ: गोरखपुर में आयोजित एक बड़े राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. संजय निषाद भावुक हो गए. निषाद समुदाय के आरक्षण की मांग को लेकर महंत दिग्विजय नाथ पार्क में आयोजित इस महारैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. आसपास के जिलों से पहुंचे समर्थकों ने हाथों में झंडे और तख्तियां लेकर अपने नेता का जोरदार स्वागत किया.
कार्यक्रम में डॉ. संजय निषाद बाइक रैली के जरिए पहुंचे. मंच तक जाने के दौरान कार्यकर्ताओं ने उन पर फूल बरसाकर अभिनंदन किया. अपने संबोधन में उन्होंने भीड़ का आभार जताते हुए कहा कि यह भीड़ किसी किराए की नहीं, बल्कि संघर्ष करने वाले लोगों की ताकत को दर्शाती है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पूरे प्रदेश में इसी तरह की जनसभाएं आयोजित की जाएगी.
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद हैं मंच पर भाषण देते समय रो रहे हैं। गोरखपुर में सभा के दौरान का दृश्य...
— Shahnawaz (News 24) (@Shahnawazreport) March 22, 2026
बस इतना कहना है...यूपी में चुनाव आने वाले हैं। pic.twitter.com/PRNu2fdxdn
अपने भाषण में उन्होंने खुद को समाज की आवाज बताते हुए कहा कि वह हर मंच पर निषाद समुदाय के मुद्दे उठाते हैं और उसका असर भी दिखाई देता है. उन्होंने विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि वर्षों तक समाज को उनके अधिकारों से दूर रखा गया और विकास के अवसर नहीं दिए गए.
भाषण के दौरान डॉ. निषाद भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े. उन्होंने कहा कि लंबे समय तक समाज के अधिकारों को दबाने की कोशिश की गई, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने और अपने हक के लिए संघर्ष तेज करने की अपील की.
सभा में उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि वे समाज के बच्चों के भविष्य और सुरक्षा के लिए हमेशा खड़े रहेंगे. उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने और पार्टी के विचारों को फैलाने का आह्वान किया. और साथ ही उन्होंने अपनी लिखी पुस्तकों और आरक्षण से जुड़े विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने की बात कही.
डॉ. निषाद ने बताया कि उनकी पार्टी के पास वर्तमान में 11 विधायक हैं और वे लगातार अपने समुदाय के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं. उन्होंने समर्थकों से अपील की कि वे एकजुट रहकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष को और मजबूत बनाए.