menu-icon
India Daily

UP में महिला परिचालक के 2500 से ज्यादा पदों पर निकली भर्ती, कैसे और कब तक कर सकते हैं आवेदन; यहां जानें पूरी प्रक्रिया

UPSRTC ने अलग-अलग जिलों के लिए आवेदन की तारीखें निर्धारित की हैं. 25 मार्च को सहारनपुर, झांसी, कानपुर, चित्रकूट धाम और प्रयागराज में भर्ती मेला लगेगा.

Anuj
Edited By: Anuj
UP में महिला परिचालक के 2500 से ज्यादा पदों पर निकली भर्ती, कैसे और कब तक कर सकते हैं आवेदन; यहां जानें पूरी प्रक्रिया
Courtesy: AI

लखनऊ: उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने महिला उम्मीदवारों के लिए परिचालक भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है. पुरुष परिचालकों की भर्ती के बाद अब महिलाओं को भी बस कंडक्टर बनने का मौका दिया जा रहा है. इच्छुक अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन के बजाय निर्धारित तिथियों पर आयोजित रोजगार मेलों में पहुंचकर आवेदन करना होगा.

पात्रता और आयु सीमा

इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से इंटरमीडिएट (12वीं) पास होना अनिवार्य है. और साथ ही अभ्यर्थी के पास CCC कंप्यूटर प्रमाणपत्र होना चाहिए. आयु सीमा 18 से 40 वर्ष तय की गई है, जबकि आरक्षित वर्ग की महिलाओं को नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी.

कब आयोजित होगा भर्ती मेला

UPSRTC ने अलग-अलग जिलों के लिए आवेदन की तारीखें निर्धारित की हैं. 25 मार्च को सहारनपुर, झांसी, कानपुर, चित्रकूट धाम और प्रयागराज में भर्ती मेला लगेगा. 28 मार्च को गाजियाबाद, अलीगढ़, बरेली, अयोध्या और वाराणसी में आवेदन दे सकते हैं. 30 मार्च को मेरठ, इटावा, हरदोई, देवीपाटन और आजमगढ़, जबकि 1 अप्रैल को नोएडा, आगरा, मुरादाबाद, लखनऊ और गोरखपुर में भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी.

परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि NCC 'B' प्रमाण पत्र, NSS व भारत स्काउट एवं गाइड के राज्य या राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त अभ्यर्थियों को मेरिट में 5 फीसदी अतिरिक्त वेटेज दिया जाएगा. 

कैसे करें आवेदन?

महिला उम्मीदवारों को आवेदन के लिए अपने नजदीकी क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय या निर्धारित मेला स्थल पर जाकर प्रक्रिया पूरी करनी होगी. सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ निर्धारित स्थान पर उपस्थित होना अनिवार्य है.  इस भर्ती में चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा.

चयनित अभ्यर्थियों को उनके ही जनपद के डिपो में तैनाती दी जाएगी. वेतन के रूप में प्रति किलोमीटर 2.16 रुपए प्रति किलोमीटर का भुगतान किया जाएगा. इसके अलावा 22 दिन की ड्यूटी या 5000 किलोमीटर पूरा करने पर 3000 रुपये का प्रोत्साहन भी मिलेगा.

आवेदन पूरी तरह निशुल्क होगा

चयनित महिला परिचालकों को ई-पास, मुफ्त यात्रा सुविधा और रात्रिकालीन भत्ता भी दिया जाएगा. खास बात यह है कि इस भर्ती के लिए आवेदन पूरी तरह निशुल्क रखा गया है. किसी भी वर्ग की महिला उम्मीदवार से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक अभ्यर्थी इसमें भाग ले सके.