हिंदू धर्म का गुणगान करने वाली नाजिया इलाही खान ने बॉडीगार्ड पर लगाए गंभीर आरोप, शेयर किया वीडियो
सुप्रीम कोर्ट की वकील नाजिया इलाही खान ने गाजियाबाद में तैनात अपने सुरक्षाकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उन्होंने योगी सरकार को बदनाम करने की साजिश की आशंका जताई है.
सुप्रीम कोर्ट की वकील और हिंदू धर्म की रात-दिन तारीफ करने वाली नाजिया इलाही खान ने अपनी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि सुरक्षाकर्मी उनके घर में खाना खाते हैं, नहाते हैं और शौचालय का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन बाद में सफाई की जिम्मेदारी उनकी नौकरानी पर छोड़ देते हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी बिना बताए घर से चले जाते हैं और मकान खुला छोड़ देते हैं. नाजिया ने इसे उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को बदनाम करने की साजिश से भी जोड़ा है.
सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जताई नाराजगी
नाजिया ने शुक्रवार दोपहर X पर पोस्ट कर अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने बताया कि गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर की निगरानी में उनकी सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, लेकिन उनकी कार्यशैली संतोषजनक नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों के जाने के बाद घर की गंदगी उनकी नौकरानी को साफ करनी पड़ती है. इसके अलावा, वे उन्हें जानकारी दिए बिना घर से चले जाते हैं और दरवाजा खुला छोड़ देते हैं.
Also Read
जान से मारने की धमकियों के बाद मिली सुरक्षा
नाजिया को कई बार जान से मारने की धमकियां मिलने का दावा किया गया है. सितंबर में उन्होंने पुलिस को शिकायत दी थी कि राणा हुनैन उर्फ राणा भाई नाम के व्यक्ति ने उन्हें व्हाट्सऐप कॉल के जरिए धमकी दी. इससे पहले अगस्त के आखिरी सप्ताह में उन्होंने शाहिल अहमद नाम के व्यक्ति पर इंस्टाग्राम के जरिए गाली-गलौज करने का आरोप लगाया था. इन शिकायतों के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने उनकी सुरक्षा के लिए दो पुलिसकर्मी तैनात किए हैं. नाजिया गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में रहती हैं.
इशरत जहां केस से मिली पहचान
नाजिया इलाही खान को साल 2017 में उस समय पहचान मिली, जब उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में इशरत जहां की ओर से तीन तलाक के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ी. इशरत जहां उन पांच महिलाओं में शामिल थीं, जिन्होंने तीन तलाक के मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचाया था. अगस्त 2017 में सुप्रीम कोर्ट ने तीन तलाक की प्रथा को असंवैधानिक घोषित कर दिया था.
इसके बाद नाजिया ने मुस्लिम समाज में सुधार की वकालत की. उन्होंने इस्लाम छोड़कर हिंदू धर्म अपनाने की बात भी कही थी, हालांकि उनके हिंदू धर्म अपनाने की स्थिति स्पष्ट नहीं है. नाजिया ने इस साल 10 अक्तूबर को उज्जैन में अपने पूर्वजों के मोक्ष और बकरीद के नाम पर उनकी ओर से कुर्बान किए गए जानवरों से प्रायश्चित और क्षमा याचना के लिए तर्पण किया था.