लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना 12 साल का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया. इस खास उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश में विशेष जनसंपर्क अभियान आयोजित किए जा रहे हैं. जिनमें सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी सरकार की उपलब्धियों एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं.
पीएम मोदी ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई कल्याणकारी योजनाएं लॉन्च की हैं. इनमें आयुष्मान वय वंदना कार्ड योजना भी शामिल है. जिसके तहत 70 साल से ऊपर के हर बुजुर्ग के लिए मुफ्त इलाज का प्रावधान है. पीएम मोदी की इस योजना के बारे में बताते हुए बीजेपी यूपी के एक्स अकाउंट से एक पोस्ट साझा किया गया है. जिसमें वीडियो के माध्यम से इस योजना के बारे में जानकारी दी गई है.
यूपी बीजेपी की ओर से कई पोस्ट शेयर किए गए हैं, जिनमें मोदी सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वास्थ्य अभियानों के बारे में जानकारी दी गई है. इनमें आयुष्मान वय वंदना कार्ड के साथ-साथ आयुष्मान भारत, जन औषधि केंद्र, नए एम्स, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और डिजिटल स्वास्थ्य सुविधाओं समेत अन्य योजनाओं के बारे में बताया गया है.
अगर आयुष्मान वय वंदना कार्ड की बात करें तो मोदी सरकार की ओर से देश के वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इसकी शुरुआत की गई है. यह योजना 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों को मुफ्त इलाज की सुविधा प्रदान करती है. इस कार्ड के जरिए पात्र वरिष्ठ नागरिक देशभर के सूचीबद्ध अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं.
पिछले 12 वर्षों में भारत ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक ऐसी क्रांति देखी है, जिसने बेबसी को पक्के भरोसे में बदल दिया है।
— BJP Uttar Pradesh (@BJP4UP) June 14, 2026
70 साल से ऊपर के हर बुजुर्ग के लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड के जरिए मुफ़्त इलाज की गारंटी।#12YearsOfSwasthBharat pic.twitter.com/4Xyj6903yk
यह योजना आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का विस्तार है, जिसके तहत बुजुर्गों को आर्थिक बोझ से राहत देने की कोशिश की गई है. आयुष्मान वय वंदना कार्ड का लाभ उन सभी भारतीय नागरिकों को दिया जाता है जिनकी उम्र 70 वर्ष या उससे अधिक है. इस योजना की खास बात यह है कि इसके लिए आय, सामाजिक वर्ग या आर्थिक स्थिति जैसी शर्तें लागू नहीं हैं. यानी 70 साल या उससे अधिक उम्र का कोई भी वरिष्ठ नागरिक इस योजना का लाभ उठा सकता है. पात्र व्यक्ति अपना पंजीकरण कराकर कार्ड बनवा सकता है.