Amroha News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 21 साल की महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि यह घटना पति-पत्नी के बीच चिकन बनाने को लेकर हुए झगड़े के बाद हुई. हालांकि , महिला के परिवार ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है और कई लोगों को अरेस्ट कर लिया है.
यह मामला 21 अगस्त का है, जब रीना (21) की शादी को करीब 10 महीने हुए थे. उस रात, रीना का पति निगम शराब और चिकन लेकर घर आया और रीना से नॉन-वेज खाना बनाने के लिए कहा. लेकिन रीना ने चिकन की जगह सब्जी बना दी, जिस पर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई.
पुलिस के मुताबिक, निगम ने बताया कि झगड़े के दौरान उसने अपनी पत्नी के साथ मारपीट भी की. पुलिस का कहना है कि इसी मारपीट के बाद रीना ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना से घबराकर, निगम ने अपने परिवार वालों की मदद से रीना के शव को चादर में लपेटा, उसमें मिट्टी भरी और सबूत मिटाने के लिए गंगा नदी में फेंक दिया.
इसके बाद, उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए थाने में रीना के लापता होने की झूठी रिपोर्ट भी दर्ज कराई. जब पुलिस ने निगम से पूछताछ की, तो वह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. रीना के भाई होराम सिंह की शिकायत पर, पुलिस ने निगम और उसके परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है.
पुलिस ने अब तक निगम, उसके चचेरे भाई बिजेंद्र समेत तीन लोगों को अरेस्ट कर लिया है, जबकि निगम के पिता सुरेश और मां कुंता अभी भी फरार हैं. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला पहले गुमशुदगी का लग रहा था, लेकिन जांच में पता चला कि महिला की मौत एक दिन पहले पति से हुए झगड़े के बाद हुई थी. फिलहाल पुलिस ने नदी से रीना की चुन्नी बरामद कर ली है, लेकिन शव की तलाश जारी है. रीना के परिवार ने न्याय और सख्त कार्रवाई की मांग की है.