menu-icon
India Daily

अखिलेश यादव ने 2027 चुनाव के लिए चला किसान कार्ड, 15 हजार करोड़ के फंड का कर दिया वादा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए रणनीतिक तैयारी शुरू कर दी है. उन्होंने किसानों के लिए 15 हजार करोड़ के रिवॉल्विंग फंड और 24 घंटे में गन्ना भुगतान का बड़ा वादा किया है.

KanhaiyaaZee
अखिलेश यादव ने 2027 चुनाव के लिए चला किसान कार्ड, 15 हजार करोड़ के फंड का कर दिया वादा
Courtesy: Social Media

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीतिक बिसात पर 2027 के विधानसभा चुनाव की चालें अभी से चली जाने लगी हैं. समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को गाजियाबाद में आयोजित 'विजन इंडिया' कार्यक्रम के जरिए किसानों से सीधा संवाद किया. पार्टी मुख्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उन्होंने किसानों की बदहाली और भाजपा की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया. अखिलेश का यह संबोधन आने वाले चुनाव के लिए उनके विजन और पार्टी की बदली हुई आक्रामक रणनीति को साफ तौर पर दर्शाता है.

सपा प्रमुख ने गन्ना किसानों की आर्थिक सुरक्षा के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का 'किसान रिवॉल्विंग फंड' बनाने का ऐलान किया है. उन्होंने वादा किया कि सपा की सरकार आने पर गन्ना किसानों को उनकी उपज का भुगतान मात्र 24 घंटे के भीतर सीधे उनके बैंक खातों में कर दिया जाएगा. अखिलेश का मानना है कि किसान की पर्ची कटते ही पैसा मिलना उनका अधिकार है. यह कदम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में एक बड़ी और ठोस पहल मानी जा रही है.

दूध पर एमएसपी और नया ऋण राहत 

कानून खेती को लाभ का सौदा बनाने के लिए अखिलेश ने 23 मुख्य फसलों के साथ-साथ अब दूध को भी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के दायरे में लाने की घोषणा की है. उन्होंने किसानों को कर्ज मुक्त करने के लिए 'एग्रीकल्चर डेब्ट रिलीफ एक्ट' लाने की बात कही. ताकि ऋण माफी के लिए एक वैधानिक और स्थाई रास्ता निकाला जा सके. अखिलेश ने अमेरिका के साथ हुई कृषि डील्स पर भी चिंता जताई. उनके अनुसार इससे भारतीय किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों के संकट का सामना करना पड़ सकता है.

स्मार्ट शहर के बाद अब 'स्मार्ट गांव' का सपना 

अखिलेश यादव ने विकास के अपने पुराने मॉडल को विस्तार देते हुए 'स्मार्ट गांव' बनाने की संकल्पना पेश की. उन्होंने अपनी पिछली सरकार के 'सोलर विलेज' प्रोजेक्ट का जिक्र किया. जहां सोलर ऊर्जा के माध्यम से बिजली पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई गई थी. उन्होंने सवाल किया कि यदि देश में स्मार्ट शहर बन सकते हैं तो गांवों को आधुनिक क्यों नहीं बनाया जा सकता. उन्होंने भाजपा पर लखनऊ के किसान बाजार और होटल बेचने का आरोप लगाते हुए सरकार की नीतियों की तीखी आलोचना की.

अखिलेश ने गाजीपुर के हालिया प्रकरण पर भाजपा को 'गिद्ध पार्टी' बताते हुए आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल हर घटना को जातीय रंग देकर फायदा उठाना चाहता है. उन्होंने आम आदमी पार्टी के मौजूदा संकट का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी दलों को तोड़ने का काम कर रही है. उनके अनुसार डरा-धमका कर या लालच देकर लोकतंत्र की मर्यादाओं को खत्म किया जा रहा है, जो देश के लिए चिंताजनक है.

चुनावी सर्वे से सावधान रहने की कार्यकर्ताओं को सलाह 

आगामी चुनाव से पहले आने वाले ओपिनियन पोल्स और सर्वे को लेकर अखिलेश ने अपने कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की नसीहत दी है. उन्होंने कहा कि सर्वे कभी चुनाव नहीं जिताते, बल्कि बूथ स्तर पर की गई मेहनत ही जीत का असली मंत्र है. कार्यकर्ताओं को किसी भी भ्रामक आंकड़े के बजाय सीधे जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों को उठाने पर ध्यान देना चाहिए. अखिलेश ने अंत में एक सकारात्मक नारा दिया, जब प्रदेश का खेत मुस्कुराएगा, तभी हमारा देश मुस्कुराएगा.