आगरा: आगरा में इस बार रामलीला और भी भव्य और यादगार बनाने की तैयारी चल रही है. रामलीला कमेटी ने फैसला लिया है कि सिकंदरा क्षेत्र के बाबरपुर को जनकपुरी नाम दिया जाएगा. इसके लिए पार्षद की ओर से नगर निगम को औपचारिक प्रस्ताव भेज दिया गया है.
रविवार को श्री रामलीला कमेटी ने जनकपुरी बनाने की घोषणा की. इस बार जनकपुरी महोत्सव सिकंदरा स्थित भावना एस्टेट, केके नगर, बाबरपुर और आसपास के इलाकों में आयोजित होगा. क्षेत्र को रामलीला से जोड़ने और उसकी पहचान बनाने के लिए नाम बदलने का यह प्रस्ताव लाया गया है.
स्थानीय निवासियों ने इस प्रस्ताव का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि हमारे क्षेत्र में जनकपुरी सज रही है तो नाम भी जनकपुरी ही सबसे सही रहेगा. पहले सीता नगरी और मिथिला नगरी जैसे अन्य नामों पर भी चर्चा हुई, लेकिन लोगों ने जनकपुरी नाम को सबसे उपयुक्त माना.
क्षेत्र के लोगों ने पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी को लिखित पत्र सौंपा और बाबरपुर का नाम जनकपुरी रखने का अनुरोध किया. पार्षद गोस्वामी ने तुरंत नगर निगम को प्रस्ताव भेज दिया. उन्होंने बताया कि नगर निगम सदन शुरू होते ही यह प्रस्ताव पास कर दिया जाएगा. पास होने के बाद पूरा क्षेत्र आधिकारिक रूप से बाबरपुर जनकपुरी के नाम से जाना जाएगा.
आगरा की प्रसिद्ध रामलीला को और आकर्षक बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है. जनकपुरी नाम से पूरा इलाका रामलीला महोत्सव से जुड़ जाएगा. इससे न सिर्फ धार्मिक उत्साह बढ़ेगा बल्कि क्षेत्र की शान भी बढ़ेगी. रामलीला के दौरान यहां भव्य सजावट, मंच और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.