उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक छोटी सी बात पर 50 वर्षीय शंकर यादव ने 25 वर्षीय आइसक्रीम विक्रेता बबलू की निर्मम हत्या कर दी. शनिवार को दिन के उजाले में हुई इस घटना में आरोपी ने न सिर्फ पीड़ित की गर्दन काट दी, बल्कि कटी हुई सिर को जलाने की भी कोशिश की. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बबलू दूसरे गांव का रहने वाला था और नियमित रूप से इस इलाके में आइसक्रीम बेचने आता था. लेकिन शंकर यादव को बबलू का इस इलाके में आइस्क्रीम बेचना पसंद नहीं था. जब उसने बबलू से आइसक्रीम बेचना बंद करने को कहा तो बबलू ने उसे मना कर दिया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. बात बढ़ते-बढ़ते इतनी गर्म हो गई कि शंकर यादव ने तेज धार वाले हथियार से बबलू पर हमला कर दिया और मौके पर ही उसकी गर्दन काट दी.
बबलू की हत्या करने के बाद शंकर यादव ने कटे हुए सिर को आग में जलाने की भी कोशिश की. वहीं शंकर यादव को ऐसा करते देख आसपास मौजूद लोग घबरा गए और वहां से भाग खड़े हुए. इस पूरी घटना की पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी शंकर यादव को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुई पीड़ित के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि आरोपी शंकर यादव की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है. एक मामूली बात पर उसने इतना बड़ा अपराध कर दिया. उन्होंने कहा कि शव को आग के पास रखा गया था, जिससे आंशिक रूप से जलने के निशान भी मिले हैं. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.