उत्तर प्रदेश के बरेली में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. वीडियो में खुद को बजरंग दल का नेता बताने वाले एक युवक द्वारा एक मुस्लिम युवक के साथ मारपीट और जबरन नारे लगवाने की घटना सामने आई. मामले के तूल पकड़ते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से ही लंबा रहा है और वह पहले भी विवादों में रह चुका है.
वायरल वीडियो में आरोपी ऋषभ ठाकुर एक मुस्लिम युवक के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है. आरोप है कि उसने युवक से जबरन धार्मिक नारे लगवाए और विरोध करने पर चप्पलों से पीटा. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया, जिसके बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई और पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बना.
बरेली में एक मुस्लिम लड़के को बुरी तरह पीटने वाला यह वही गुं*डा ऋषभ ठाकुर है जो कुछ दिन पहले एक महिला से रंगदारी वसूलने के जुर्म में जेल गया था
— Surya Samajwadi (@surya_samajwadi) March 29, 2026
अब यूपी में बीजेपी सरकार कभी न आने का एक प्रमुख कारण ये गुं*डे भी हैं। pic.twitter.com/qaUcR3pqmc
पुलिस के अनुसार, ऋषभ ठाकुर का आपराधिक इतिहास नया नहीं है. इससे पहले भी वह एक कैफे में विवाद के दौरान एक युवक के साथ मारपीट के मामले में गिरफ्तार हो चुका है. उस घटना में भी उसने सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की थी. जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद भी उसकी गतिविधियों में सुधार नहीं हुआ और उसे ‘जिला बदर’ घोषित किया गया था.
मामले के सामने आते ही कैंट थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने पीड़ित युवक और संबंधित पक्षों से औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की अपील की है. हालांकि सामाजिक दबाव के चलते अभी तक लिखित शिकायत नहीं दी गई है. पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. आरोपी के खिलाफ पुराने मामलों को भी जोड़ा जा रहा है, ताकि कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. इस घटना के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं.