आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्र और उसकी 38 वर्षीय ट्यूशन शिक्षिका के एक साथ लापता होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. छात्र 11वीं कक्षा में पढ़ता है, जबकि शिक्षिका विवाहित हैं और उनके दो बच्चे हैं. दोनों की उम्र में करीब 22 साल का अंतर है. परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने अलग-अलग पहलुओं से मामले की जांच शुरू की.
परिजनों के अनुसार, चार अगस्त को छात्र स्कूल प्रोजेक्ट से जुड़े काम के लिए करीब तीन हजार रुपये लेकर घर से निकला था. उसने अपनी साइकिल एक दोस्त के घर खड़ी कर दी थी. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की. इसी दौरान पता चला कि जिस शिक्षिका से वह ट्यूशन पढ़ता था, वह भी अपने घर पर मौजूद नहीं थीं. इसके बाद मामला और गंभीर हो गया.
छात्र के परिजनों ने ताजगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने अपहरण की धाराओं में जांच शुरू की. शिक्षिका के पति ने भी उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने दोनों के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल खंगाली तो उनके बीच लंबे समय तक बातचीत होने की जानकारी मिली. इससे जांचकर्ताओं को दोनों के एक साथ निकलने की आशंका हुई.
पुलिस ने संभावित रास्तों और स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए. आगरा कैंट रेलवे स्टेशन की फुटेज में दोनों ट्रेन में सवार होते नजर आए. इसके बाद पुलिस ने रेलवे रूट और मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश तेज कर दी. जांच में सामने आया कि छात्र ग्वालियर पहुंचा और बाद में बयाना होते हुए कैलादेवी गया. कुछ समय बाद दोनों अलग-अलग स्थानों पर चले गए.
तकनीकी निगरानी के जरिए पुलिस ने छात्र को नोएडा और शिक्षिका को मथुरा से बरामद कर लिया. पूछताछ में शिक्षिका ने बताया कि छात्र पढ़ाई को लेकर घर में डांट से परेशान था और चार अगस्त को फोन पर उसने आत्महत्या की बात कही थी. उनका दावा है कि उसे रोकने के लिए वह साथ चली गई थीं. बाद में उन्हें अपने फैसले पर पछतावा हुआ, लेकिन लौटने की हिम्मत नहीं जुटा सकीं. पुलिस ने दोनों के बयान दर्ज करने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया. थाना प्रभारी नीरज कुमार शर्मा के मुताबिक, फिलहाल परिवारों ने आगे कानूनी कार्रवाई से इनकार किया है.