menu-icon
India Daily

दोस्त की पत्नी ने साथ चलने से किया इनकार तो मासूम बेटी के सामने की मां की बेरहमी से हत्या, जानें मामला

प्रयागराज के सरायइनायत में 26 वर्षीय महिला उषा की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि आशीष महिला पर अपने साथ गुजरात चलने का दबाव बना रहा था और उसके इनकार से नाराज था.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
दोस्त की पत्नी ने साथ चलने से किया इनकार तो मासूम बेटी के सामने की मां की बेरहमी से हत्या, जानें मामला
Courtesy: Pinterest

प्रयागराज: प्रयागराज में दोस्त की पत्नी पर साथ चलने का दबाव बनाने और इनकार करने पर उसकी हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. सरायइनायत के जैतपुर गांव में गुरुवार सुबह 26 वर्षीय उषा की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई. 

आरोप है कि वारदात को उसके पति के रिश्तेदार आशीष ने अंजाम दिया. हत्या के समय महिला की चार साल की बेटी स्वीटी भी मौके पर मौजूद थी. बच्ची ने पुलिस को आरोपी की पहचान बताई है.

पति के घर से जाने के बाद पहुंचा आरोपी

पुलिस के मुताबिक उषा अपने पति दिनेश और चार साल की बेटी के साथ मुंबई से प्रयागराज आई थी. परिवार जैतपुर गांव में किराए के कमरे में रह रहा था. बुधवार रात दिनेश अपने गांव चला गया था. आरोप है कि आशीष को इस बात की जानकारी थी कि उषा घर पर अपनी बेटी के साथ अकेली है.

बताया गया कि आशीष पिछले कुछ दिनों से उषा पर उसके साथ गुजरात चलने और नई जिंदगी शुरू करने का दबाव बना रहा था. उषा ने एक दिन पहले ही उसे फटकार लगाते हुए साफ इनकार कर दिया था. उसने आशीष को उसकी हरकत पति को बताने की चेतावनी भी दी थी.

खाना बनाते समय पीछे से किया हमला

गुरुवार सुबह करीब 10 बजे आशीष उषा के कमरे पर पहुंचा. उस समय उषा खाना बना रही थी. आरोप है कि आशीष ने पीछे से उसका सिर पकड़ा और चाकू से उसका गला रेत दिया. इसके बाद वह मौके से फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल उषा की कुछ ही देर में मौत हो गई.

पुलिस के अनुसार आरोपी ने वारदात की तैयारी पहले से कर रखी थी. उसने हनुमानगंज बाजार से करीब 30 रुपये में सब्जी काटने वाला चाकू खरीदा था. पुलिस का कहना है कि आरोपी को इस बात की जानकारी थी कि उषा का पति घर पर नहीं है.

चार साल की बच्ची ने बताई पूरी घटना

वारदात के करीब एक घंटे बाद चार साल की स्वीटी रोते हुए घर से बाहर निकली. उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई. पुलिस के पहुंचने पर बच्ची ने कथित तौर पर बताया कि उसकी मां किचन में काम कर रही थी, तभी आशीष पीछे से आया और चाकू से हमला कर दिया.

पुलिस ने मकान मालिक के घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली. फुटेज में आरोपी के आने और जाने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया.