राजस्थान के बाड़मेर से आई एक दर्दनाक खबर ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. स्कूल जा रहे मासूम बच्चों से भरी बस को एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि बस कई फीट तक घसीटा गया और उसका पिछला हिस्सा पूरी तरह तबाह हो गया.
यह दुर्घटना बाड़मेर जिले के बायतु इलाके में नेशनल हाईवे-25 पर बुधवार सुबह करीब 8 बजे हुई. जानकारी के मुताबिक, सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल की बस गांवों से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी. बस में कुल 36 बच्चे सवार थे, तभी पीछे से आए ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी.
ये घटना दिल दहला देने वाली है. इसकी गंभीरता इससे समझ सकते हैं कि जब टक्कर हुई तो ट्रक बस को करीब 50 फीट तक घसीटता ले गया. इससे बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. पीछे बैठे बच्चों को सबसे ज्यादा चोटें आईं और कई बच्चे बस में ही फंस गए.
इस हादसे में 10 से ज्यादा बच्चे घायल हुए हैं, जिनमें से 5 की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर बच्चों को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर किया गया.
डॉक्टरों के अनुसार, कई बच्चों के सिर पर गहरी चोटें आई हैं, जबकि कुछ के हाथ-पैर टूट गए हैं. कुछ बच्चों के दांत भी टूटने की खबर है और कुछ को अंदरूनी चोटें आई हैं, जिनकी जांच जारी है.
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची. बस के क्षतिग्रस्त हिस्से में फंसे बच्चों को निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली गई. काफी प्रयासों और मशक्कत के बाद बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.
हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है अब उसकी तलाश शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द से जल्द उसे गिरफ्तार किया जा सके.