रविवार को राजस्थान के अजमेर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. पुष्कर की खतरनाक और घुमावदार घाटी में एक निजी बस अचानक बेकाबू होकर गहरी खाई में पलट गई. बस में सवार अधिकतर यात्री एक ही परिवार और समाज के थे. वे पीसांगन क्षेत्र के एक गांव में ‘मायरा’ यानी भात रस्म में शामिल होने जा रहे थे. इस भीषण दुर्घटना ने उत्सव को कोहराम में बदल दिया. हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस पुष्कर घाटी के एक तीखे मोड़ पर पहुंची तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया. ड्राइवर ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बस पलट चुकी थी. हादसे के तुरंत बाद पूरी घाटी में यात्रियों की चीख-पुकार गूंज उठी. स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बिना देरी किए बचाव कार्य शुरू कर दिया. उन्होंने बस के शीशे तोड़कर फंसे लोगों को बाहर निकाला. सूचना पाकर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस के ज़रिए घायलों को अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (JLN) अस्पताल पहुंचाया गया.
पुष्कर घाटी : मौत और जिंदगी के बीच की जंग.!
— Shiksha News Rajasthan (@ShikshaNewsRaj1) April 19, 2026
बस हादसे का भयानक मंजर.! देखिए पूरी रिपोर्ट.! 👇
🚑 भगवान सबकी रक्षा करें। 🙏#Pushkar #PushkarGhati #BusAccident pic.twitter.com/e4SV9TyQwI
घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर लोक बंधु और पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन तुरंत घटनास्थल और फिर अस्पताल पहुंचे. अस्पताल परिसर में घायलों के परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई. कलेक्टर ने डॉक्टरों की पूरी टीम को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि किसी भी घायल को इलाज में लापरवाही न हो. एसपी ने बताया कि हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और घाटी के घुमावदार रास्ते को हादसे का कारण माना जा रहा है. पुलिस ने बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
यह हादसा और भी दर्दनाक इसलिए है क्योंकि बस में सवार सभी लोग किसी मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे. पीसांगन के पास एक गांव में बहन के घर ‘मायरा’ भरने जा रहे भाइयों और परिजनों की खुशियां एक झटके में तबाह हो गईं. मृतकों में गुर्जर समाज के दो युवक बताए जा रहे हैं. मौत की खबर सुनते ही उनके घरों में चीख-पुकार मच गई. घायलों में कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
अजमेर की पुष्कर घाटी अपने खतरनाक मोड़ों और गहरी खाइयों के लिए कुख्यात है. यह कोई पहला हादसा नहीं है. इससे पहले भी यहां कई बार बड़े सड़क हादसे हो चुके हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घाटी पर स्पीड ब्रेकर और दीवारें नहीं होने से वाहन आसानी से गिर जाते हैं. प्रशासन से बार-बार मांग की जाती रही है कि इस ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं. अब एक बार फिर इस दर्दनाक घटना ने अधिकारियों को गंभीरता से सोचने पर मजबूर कर दिया है.