menu-icon
India Daily

उम्र हो गई पर प्यार अब भी जवां है! 70 साल लिव-इन में रहने के बाद 95 साल के बुजुर्ग ने रचाई शादी

Social Media Viral Wedding: 95 वर्षीय रामा भाई और 90 वर्षीय जीवली देवी ने 70 साल के लिव-इन रिश्ते के बाद अब शादी कर ली है. उनके बच्चों ने रीति-रिवाज के साथ शादी कराई और गांव में बिंदोरी निकालकर डीजे पर डांस किया गया.

anvi shukla
Edited By: Anvi Shukla
उम्र हो गई पर प्यार अब भी जवां है! 70 साल लिव-इन में रहने के बाद 95 साल के बुजुर्ग ने रचाई शादी
Courtesy: social media

Social Media Viral Wedding: राजस्थान के डूंगरपुर जिले के गलंदर गांव में एक अनोखी और दिल को छू लेने वाली शादी ने पूरे इलाके का ध्यान अपनी ओर खींचा. 95 वर्षीय रामा भाई अंगारी और 90 वर्षीय जीवली देवी ने 70 साल तक एक-दूसरे के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के बाद अब औपचारिक रूप से शादी कर ली. यह शादी ना सिर्फ परिवार बल्कि पूरे गांव के लिए बेहद खास बन गई.

रामा भाई और जीवली देवी का साथ कोई आम साथ नहीं था. वे पिछले सात दशकों से एक-दूसरे के साथ रह रहे थे और उनके आठ बच्चे भी हैं. बच्चों में चार सरकारी नौकरी में हैं—दो शिक्षक, एक नर्स और एक किसान. इतने सालों बाद जब इस जोड़े ने अपनी शादी की इच्छा जताई, तो बच्चों ने इस सपने को पूरा करने की ठान ली.

शादी में निभाई गईं सारी परंपराएं

बुजुर्ग दंपति की शादी किसी युवा जोड़े से कम नहीं रही. गांव में हल्दी, मेहंदी और बिंदोरी जैसी तमाम पारंपरिक रस्में धूमधाम से निभाई गईं. पूरे गांव में डीजे की धुनों पर नाच-गाना हुआ और लोग इस शादी को लेकर बेहद उत्साहित नजर आए. शादी समारोह में हजारों लोगों ने शिरकत की और दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद दिया.

बेटों-बेटियों ने मिलकर पूरा किया माता-पिता का सपना

रामा भाई के बेटे बकू अंगारी खेती करते हैं, जबकि शिवराम और कांतिलाल शिक्षक हैं. बेटी सुनीता टीचर है और अनिता नर्स है. इन सभी ने मिलकर इस शादी को खास और यादगार बना दिया. बच्चों का कहना था, 'मां-पापा की ये ख्वाहिश हमें पूरी करनी ही थी. ये हमारे लिए सौभाग्य की बात है.'

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस अनोखी शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. हर कोई इस बुजुर्ग जोड़े की प्रेम कहानी को सलाम कर रहा है. गांववालों का कहना है कि 'हमने पहली बार ऐसा नज़ारा देखा, जहां इस उम्र में प्यार को ऐसा मुकाम मिला.'