menu-icon
India Daily

पंजाब में फिर चढ़ा पारा, 37 डिग्री के पार पहुंचा तापमान; 14 सितंबर से 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

पंजाब में सितंबर के बीच एक बार फिर गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. राज्य का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है और रविवार तक मौसम में बड़ी राहत के आसार नहीं हैं.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
पंजाब में फिर चढ़ा पारा, 37 डिग्री के पार पहुंचा तापमान; 14 सितंबर से 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
Courtesy: ANI

पंजाब में फिलहाल मौसम गर्म और मुख्य रूप से शुष्क बना हुआ है. मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के 10 सितंबर के आंकड़ों के मुताबिक राज्य के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. तापमान सामान्य से करीब 2.7 डिग्री अधिक रहा.

पटियाला सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा है. भाखड़ा बांध क्षेत्र में 37.1 डिग्री, चंडीगढ़ में 36.5 डिग्री और बठिंडा में 36.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. वहीं अमृतसर में पारा 34.9 डिग्री और लुधियाना में 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

रविवार तक राहत के कम आसार

मौसम विभाग के अनुसार 11 से 13 सितंबर के बीच प्रदेश में बड़े स्तर पर बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. हालांकि कुछ इलाकों में हल्की या छिटपुट बारिश हो सकती है. 11 सितंबर को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और एसएएस नगर में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है, जबकि ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है. 12 सितंबर को बारिश मुख्य रूप से उत्तरी जिलों तक सीमित रहने का अनुमान है. इसके बाद 13 सितंबर को अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना और फतेहगढ़ साहिब समेत कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है.

14 सितंबर को बदलेगा मौसम

पंजाब में 14 सितंबर से मौसम में बड़ा बदलाव आने की संभावना है. पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. इस दिन राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की उम्मीद है, जिससे लगातार बढ़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है.

कुछ इलाकों में दर्ज हुई बारिश

गर्मी के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश भी हुई है. लुधियाना में 11.4 मिलीमीटर और रूपनगर में 0.5 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई. हिमाचल प्रदेश से सटे जिलों में भी हल्की बारिश के कारण तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है. फिलहाल लोगों को रविवार तक गर्मी और उमस से राहत मिलने का इंतजार करना होगा. सोमवार को बारिश का दायरा बढ़ने पर तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है.