लुधियाना के सुधार इलाके में पंजाबी गायक और गीतकार बलजीत सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. उनका शव घर के भीतर बिस्तर पर मिला. आसपास के लोगों को कई दिनों से घर से दुर्गंध महसूस हो रही थी. पुलिस अब मौत की वजह पता करने में जुटी है.
घटना सुधार थाना क्षेत्र के गांव सुधार पत्ती धालीवाल की है. गुरुवार को जब घर से आने वाली दुर्गंध काफी तेज हो गई तो आसपास रहने वाले लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से घर का दरवाजा खुलवाया. अंदर बिस्तर पर बलजीत सिंह का शव पड़ा था. शव की हालत देखकर पुलिस ने शुरुआती तौर पर मौत चार से पांच दिन पहले होने की आशंका जताई है. मौके पर शव के पास सूखा हुआ खून भी मिला.
बलजीत सिंह की उम्र करीब 35 वर्ष थी और वह गायन के साथ-साथ गीत लिखने का काम भी करते थे. वह टूर्नामेंट और स्थानीय कार्यक्रमों में प्रस्तुति दिया करते थे. बताया गया कि उनकी अभी शादी नहीं हुई थी और वह घर में अकेले रहते थे. अचानक उनकी मौत की खबर सामने आने के बाद इलाके में भी चर्चा शुरू हो गई. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पिछले कुछ दिनों में उनके घर पर कोई आया था या नहीं.
मृतक की बहन के मुताबिक बलजीत को पहले भी हार्ट अटैक आ चुका था. परिवार को आशंका है कि संभवतः दोबारा हार्ट अटैक आने के बाद वह गिर गए होंगे और चोट लगने से काफी खून निकल गया होगा. हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारण को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है. घर के आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से पहले और बाद की गतिविधियों की जानकारी मिल सके.
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड और CIA की टीम भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने घर के अंदर और आसपास के क्षेत्र की जांच की है. सुधार थाना प्रभारी कुलविंदर सिंह के अनुसार शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा. फिलहाल पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई शुरू की है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी.