menu-icon
India Daily

बंद पड़े शैलर में रची जा रही थी खौफनाक साजिश, पंजाब पुलिस ने ऐन वक्त पर दबोचे 6 बदमाश

पंजाब के फाजिल्का जिले में पुलिस ने बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है. मामले में एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है. पुलिस हथियारों के स्रोत और साजिश की पूरी जांच कर रही है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
बंद पड़े शैलर में रची जा रही थी खौफनाक साजिश, पंजाब पुलिस ने ऐन वक्त पर दबोचे 6 बदमाश
Courtesy: Pinterest

फाजिल्का: पंजाब के फाजिल्का जिले में पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी आपराधिक वारदात को टालने का दावा किया है. थाना सिटी जलालाबाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार सभी आरोपी अवैध हथियारों के साथ एक स्थान पर इकट्ठा हुए थे और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे. पुलिस की इस कार्रवाई में आरोपितों के कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल, छह मैगजीन, चार जिंदा कारतूस, एक खाली खोल और दो कापे बरामद किए गए हैं. एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से आगे बढ़ाई जा रही है.

गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस ने की कार्रवाई

जांच अधिकारी हेड कॉन्स्टेबल बलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी. इसी दौरान सूचना मिली कि गांव मटवाना कला और आसपास के कुछ युवक गांव मुहम्मदे वाला स्थित बंद पड़े शैलर के परिसर में अवैध हथियारों के साथ जमा हुए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी.

छह आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

छापेमारी के दौरान पुलिस ने अमन कुमार उर्फ अमना, वरिंदर सिंह, बूड़ सिंह, अरसदीप सिंह उर्फ सिंघा, करण और परमजीत सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया. वहीं साजन सिंह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है.

अवैध हथियारों का जखीरा बरामद

तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से तीन अवैध पिस्तौल, छह मैगजीन, चार जिंदा कारतूस, एक खाली खोल और दो कापे बरामद किए गए. पुलिस ने सभी हथियारों को कब्जे में लेकर उन्हें जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है. बरामद सामान को मामले का अहम साक्ष्य माना जा रहा है.

हथियारों के स्रोत की होगी जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपितों ने अवैध हथियार कहां से हासिल किए. इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इनका इस्तेमाल किस वारदात में किया जाना था. अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ से इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी सामने आ सकती है.

पूरे गिरोह की तलाश में जुटी पुलिस

जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि इस साजिश में गिरफ्तार आरोपितों के अलावा और कौन-कौन शामिल था. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जाएगी और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.