पंजाब में रविवार को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
मौमस विभाग के मुताबिक पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है.हालांकि, राज्य के किसी भी जिले में विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की है.
चंडीगढ़ में रविवार को पूरे दिन बादल छाए रहने का अनुमान है. इस दौरान एक-दो बार बारिश के साथ गरज और बौछारें भी पड़ सकती हैं. शनिवार के मुकाबले पंजाब के अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई. तापमान में करीब 0.3 डिग्री की कमी आई, लेकिन यह सामान्य के आसपास बना रहा. राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 36.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल के मुताबिक इस समय मानसून की ट्रफ पंजाब के फिरोजपुर क्षेत्र से होकर गुजर रही है. इसके साथ पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है. दोनों मौसम प्रणालियों का असर पूरे प्रदेश में एक जैसा नहीं है. इसी वजह से कुछ इलाकों में बारिश हो रही है, जबकि दूसरे स्थानों पर बादल छाने के बाद मौसम दोबारा साफ हो जा रहा है. हालांकि अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश का दौर और तेज होने की उम्मीद है.
लगातार बारिश के बीच पंजाब के प्रमुख जलाशयों की स्थिति पर भी निगरानी रखी जा रही है. 15 अगस्त को भाखड़ा बांध में 46,990 क्यूसेक पानी की आवक हुई, जबकि 26,158 क्यूसेक पानी बाहर छोड़ा गया. बांध का जलस्तर 1,620.88 फीट दर्ज किया गया, जो इसकी 1,680 फीट की अधिकतम सीमा से करीब 59 फीट कम है.
वहीं, पोंग बांध में 29,119 क्यूसेक पानी पहुंच रहा था और 15,817 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था. यहां जलस्तर 1,353.67 फीट दर्ज हुआ, जबकि अधिकतम सीमा 1,390 फीट है. यानी बांध का स्तर करीब 36 फीट नीचे बना हुआ है. फिलहाल भाखड़ा और पोंग दोनों बांधों का जलस्तर उनकी अधिकतम सीमा से नीचे है. ऐसे में मौजूदा स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है.