menu-icon
India Daily

छुट्टी पर घर आए आर्मी जवान ने पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला, छत से गिरने की कहानी रची

होशियारपुर में छुट्टी पर घर आए एक आर्मी जवान पर पत्नी की हत्या का आरोप लगा है. परिवार का दावा है कि मौत को हादसा बताने के लिए छत से गिरने की कहानी बनाई गई.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
छुट्टी पर घर आए आर्मी जवान ने पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला, छत से गिरने की कहानी रची
Courtesy: X

पंजाब के होशियारपुर में एक महिला की संदिग्ध मौत ने परिवार को झकझोर दिया है. परिजनों ने उसके पति पर मारपीट के बाद हत्या करने और घटना को छिपाने का आरोप लगाया है. पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.

रात में घर आया जवान

मुकेरियां क्षेत्र के सुनेहड़ा गांव के पास हाजीपुर इलाके में रमा की मौत का मामला सामने आया है. परिवार के अनुसार, उसका पति अमरजीत सिंह आर्मी से छुट्टी लेकर 13 तारीख की रात घर पहुंचा था. आरोप है कि घर आने के बाद उसने रमा के साथ मारपीट की और इसी दौरान उसकी मौत हो गई. अगले दिन सुबह करीब 4 बजे परिवार को बताया गया कि रमा छत से गिर गई है. इसके बाद उसे हाजीपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. अस्पताल में शरीर पर चोटों के गहरे निशान मिलने के बाद परिवार को घटना की बताई गई वजह पर शक हुआ.

पति समेत तीन लोगों पर केस

रमा की मां और अन्य परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी. परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही अमरजीत अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था. दंपति के दो बच्चे हैं, जिनमें 8 साल का बेटा और एक बेटी है. थाना प्रमुख हरप्रेम के अनुसार, परिजनों के बयान के आधार पर अमरजीत सिंह के अलावा उसके चाचा कुलदीप कूकी और चाची सोनिया के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने अमरजीत को हिरासत में ले लिया है. वहीं कुलदीप और सोनिया अभी फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस उनकी तलाश कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला की मौत में उनकी क्या भूमिका रही.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का पूरा राज

पुलिस ने देर शाम रमा के शव का पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिवार को सौंप दिया. जांच एजेंसियां अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और दूसरे सबूतों के आधार पर मौत की असली वजह पता लगाने में जुटी हैं. परिवार के मुताबिक, रमा का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव में किया जाएगा. उसकी मौत के बाद दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है. पुलिस फिलहाल आरोपी पति से पूछताछ कर रही है और फरार बताए जा रहे चाचा-चाची की तलाश जारी है.