मानसून की सक्रियता के चलते 16 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में तेज बारिश, आंधी और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है.
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और अचानक जलस्तर बढ़ने का खतरा भी बना हुआ है. मौसम विभाग की ओर से सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
राजधानी दिल्ली में 16 अगस्त को मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, कई इलाकों में तेज बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरने की परेशानी बढ़ सकती है.
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 16 अगस्त को मौसम खराब रहने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक मथुरा, आगरा, कानपुर और बिजनौर समेत कई क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ आंधी चल सकती है. बिहार में भी मौसम विभाग ने कई इलाकों के लिए चेतावनी जारी की है.
झारखंड में 16 और 17 अगस्त को बारिश और तेज हवाओं का असर बने रहने की संभावना है. रांची, जमशेदपुर, बोकारो और धनबाद समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है. पश्चिम बंगाल में भी मानसून सक्रिय रहेगा. कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
राजस्थान के अलवर, करौली, भरतपुर, अजमेर और भीलवाड़ा सहित कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. वहीं मध्य प्रदेश में भोपाल, इंदौर, दमोह, खंडवा और नर्मदापुरम समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी को लेकर चेतावनी दी गई है.
पंजाब में 16 और 17 अगस्त को कई जिलों में बारिश और आंधी का असर दिखाई दे सकता है. पठानकोट, लुधियाना और अमृतसर समेत कई क्षेत्रों में तेज बारिश की संभावना है. हरियाणा में भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन की आशंका बनी हुई है. पहाड़ी इलाकों में अचानक नदी और नालों का जलस्तर बढ़ने का खतरा भी है. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है. कुछ क्षेत्रों में हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.