menu-icon
India Daily

व्यापारियों, दुकानदारों और कारोबारी समुदाय के साथ मजबूती से खड़ी है पंजाब सरकार: अरविंद केजरीवाल

जालंधर में व्यापारियों से संवाद के दौरान अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार छोटे व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और उनके हितों को प्राथमिकता दे रही है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
व्यापारियों, दुकानदारों और कारोबारी समुदाय के साथ मजबूती से खड़ी है पंजाब सरकार: अरविंद केजरीवाल
Courtesy: x

पंजाब में व्यापार और उद्योग से जुड़े लोगों के साथ सीधा संवाद बढ़ाने की दिशा में आम आदमी पार्टी ने एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया. जालंधर में हुए इस संवाद में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने व्यापारियों, दुकानदारों और कारोबारी वर्ग की बात सुनी. दोनों नेताओं ने सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए भरोसा दिलाया कि व्यापारिक समुदाय की समस्याओं का समाधान तेज और पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है.

व्यापारियों को बताया अर्थव्यवस्था की ताकत

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि छोटे व्यापारी पंजाब की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं. उन्होंने दावा किया कि पहले व्यापारियों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए कई सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे. इसी स्थिति को बदलने के लिए पंजाब राज्य ट्रेडर्स कमीशन का गठन किया गया, ताकि उनकी आवाज सीधे सरकार तक पहुंच सके और शिकायतों का समयबद्ध समाधान हो.

ट्रेडर्स कमीशन की भूमिका पर जोर

केजरीवाल ने बताया कि कमीशन राज्य, जिला और विधानसभा स्तर पर काम कर रहा है. बाजारों से मिलने वाले सुझाव और शिकायतें सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचाई जाती हैं. उन्होंने कहा कि सड़क, स्ट्रीट लाइट, बिजली, सफाई और पेयजल जैसी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने की व्यवस्था बनाई गई है.

विपक्ष पर साधा निशाना

कार्यक्रम के दौरान केजरीवाल ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने पंजाब के हितों की अनदेखी की, जबकि मौजूदा सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम कर रही है. उन्होंने कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार के खिलाफ उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया.

विकास और रोजगार का दावा

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब अब विकास केंद्रित शासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है. उन्होंने दावा किया कि नहरों के पानी की पहुंच बढ़ी है और 67 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं. उन्होंने व्यापारियों को पंजाब के विकास का भागीदार बताते हुए राज्य को आगे ले जाने के लिए सहयोग की अपील की.