मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, नवांशहर और मोहाली में कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है. वहीं गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
इसके अलावा तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.
वीरवार को पठानकोट में एक मिलीमीटर और लुधियाना में आठ मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. चंडीगढ़ और लुधियाना के कुछ हिस्सों में बारिश हुई, हालांकि वहां हुई बारिश का आंकड़ा दर्ज नहीं हो सका. बारिश के कारण मौसम में ठंडक आई और लोगों को दिनभर की गर्मी तथा उमस से कुछ राहत मिली.
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर हरियाणा में बने चक्रवाती सिस्टम और मानसून ट्रफ के प्रभाव से पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है. पंजाब में 9 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है. 4 और 5 सितंबर को बारिश का जोर अधिक रहने का अनुमान है. इसके बाद भी बारिश हो सकती है, लेकिन फिलहाल किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है.
बारिश के बीच पंजाब के अधिकतम तापमान में भी थोड़ी गिरावट दर्ज की गई. प्रदेश का अधिकतम तापमान 0.1 डिग्री नीचे आया. बठिंडा में सबसे अधिक 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. हालांकि बारिश से मौसम में राहत मिली है, लेकिन मानसून के पूरे मौसम में पंजाब में अब तक सामान्य से 34 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है.
बारिश के कारण बिजली की मांग में भी कमी देखने को मिली. पंजाब में कुल बिजली की मांग 11,944 मेगावाट रही. राज्य में 3,799 मेगावाट बिजली का उत्पादन हुआ, जबकि 8,146 मेगावाट बिजली बाहर से ली गई. यह मांग तय शेड्यूल से 68 मेगावाट अधिक रही. बिजली की आवृत्ति 50 हर्ट्ज दर्ज की गई. हालांकि इससे एक दिन पहले दिन के समय बिजली की मांग 15 हजार मेगावाट से ज्यादा पहुंच गई थी. बारिश और तापमान में राहत के चलते बिजली की खपत पर भी कुछ दबाव कम हुआ है.