नई दिल्ली: पीएम नरेंद्र मोदी आज आदमपुर एयरपोर्ट का नाम संत रविदास के नाम पर रखेंगे और इसके साथ ही वर्चुअली हलवारा एयरपोर्ट के सिविल टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे. PMO के एक बयान में कहा गया है कि संत गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के शुभ अवसर पर आदमपुर हवाई अड्डे का नाम बदलना उस पूजनीय संत और समाज सुधारक का सम्मान है. PM दोपहर 2.30 बजे दिल्ली से रवाना होंगे और लगभग 3.45 बजे आदमपुर एयर फोर्स स्टेशन पर उतरेंगे.
इसके बाद वह सिविल टर्मिनल के नए नाम श्री गुरु रविदास जी एयरपोर्ट, आदमपुर का अनावरण करेंगे और लुधियाना और उसके आसपास के औद्योगिक और कृषि क्षेत्र के लिए हलवारा हवाई अड्डे पर सिविल टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे. मोदी के लगभग 4.30 बजे डेरा सचखंड बल्लां पहुंचने की उम्मीद है और वह 5.25 बजे आदमपुर एयर बेस के लिए रवाना होने से पहले एक सभा को संबोधित करेंगे.
PM Modi to visit Dera Sachkhand Ballan in Punjab today
— IANS (@ians_india) February 1, 2026
· Prime Minister Narendra Modi, on Sunday, will be visiting Dera Sachkhand Ballan, Punjab on the occasion of Ravidass Jayanti, a prominent Ravidassia community sect that has much influence in the state’s Doaba region… pic.twitter.com/Qnbwh1GqkI
जालंधर के अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा कारणों से डेरा बल्लां परिसर में एक विशेष हेलीपैड बनाया गया है, जबकि एक सड़क मार्ग को वैकल्पिक मार्ग के रूप में सैनिटाइज और सुरक्षित किया गया है.
यात्रा को सुचारू बनाने के लिए, प्रशासन ने VVIP आवाजाही की अवधि के लिए जालंधर को नो-फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया है, जिससे सभी नागरिक उड्डयन और ड्रोन गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है. पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने भी शुक्रवार को बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए डेरा का दौरा किया. केंद्र सरकार ने डेरा प्रमुख संत निरंजन दास को पद्म श्री से सम्मानित किया.
प्रधानमंत्री के तय दौरे से एक दिन पहले, शनिवार को चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिलने के बाद जालंधर में सुरक्षा बढ़ा दी गई. इन ईमेल में कथित तौर पर सरकार विरोधी बातें और अलगाववादी भावनाओं का जिक्र था, जिसके बाद राज्य और स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई की.
लगभग तीन दशकों की देरी के बाद, लुधियाना का हलवारा एयरपोर्ट आखिरकार चालू हो गया. जिससे पंजाब में क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा मिला है. टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन रविवार यानी आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली करेंगे.
यह लंबे समय से रुका हुआ प्रोजेक्ट पंजाब के कैबिनेट मंत्री और पूर्व राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा के प्रयासों से पूरा हुआ, जिन्होंने इसे पूरा करवाने के लिए कई स्टेकहोल्डर्स से बात की. एक प्रेस रिलीज के अनुसार, नागरिक उड्डयन मंत्रालय, एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, भारतीय वायु सेना, एयरलाइन ऑपरेटरों और पंजाब सरकार के साथ उनके जुड़ाव से यह प्रोजेक्ट लंबे समय की देरी से निकलकर पूरा हो सका.