केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच गठबंधन की घोषणा के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर बड़ा संकेत दिया. उन्होंने कहा कि गठबंधन में जो बड़ा भाई होता है, मुख्यमंत्री भी वही बनता है. ऐसे में शिरोमणि अकाली दल स्वाभाविक रूप से बड़े भाई की भूमिका निभाएगा.
दिल्ली में अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में शाह ने यह बात कही. दोनों दल अगले साल होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे.
VIDEO | Delhi: When asked about the CM face as BJP-SAD announce alliance, Union Home Minister Amit Shah (@AmitShah) says, “Big brother will be Akali Dal. We will contest on all 117 seats. ‘Bada Bhai Hi Chief Minister Hota Hain’.” (Full video available on PTI Videos - https://t.co/bIyFWTfmBd)
— Press Trust of India (@PTI_News) November 24, 2026
अमित शाह ने बीजेपी और अकाली दल के गठबंधन को हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बताया. उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि एनडीए का सबसे पुराना सहयोगी एक बार फिर गठबंधन में लौट आया है. अब अकाली दल एनडीए के आधिकारिक सहयोगी के रूप में राजनीति करेगा. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि दोनों पार्टियां मिलकर पंजाब को विकसित राज्य बनाने के लिए काम करेंगी वहीं, सुखबीर सिंह बादल ने इस गठबंधन को राजनीतिक समझौते के बजाय भावनात्मक रिश्ता बताया.
अमित शाह ने कहा कि दोनों दल जल्द ही विधानसभा चुनाव के लिए विस्तृत घोषणापत्र तैयार करेंगे. पंजाब में नशे की समस्या खत्म करना, किसानों को सहयोग देना और हिंदू-सिख एकता मजबूत करना गठबंधन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल होगा.
बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन सितंबर 2020 में टूट गया था. केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने एनडीए से नाता तोड़ लिया था. पार्टी की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने भी केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था. बाद में इन कृषि कानूनों को वापस ले लिया गया था. दोनों दलों ने 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ा था. 117 सीटों वाली विधानसभा में अकाली दल को तीन और बीजेपी को दो सीटें मिली थीं.
बीजेपी और अकाली दल का राजनीतिक रिश्ता काफी पुराना है. 1996 के लोकसभा चुनाव के बाद प्रकाश सिंह बादल ने बीजेपी को समर्थन दिया था. इसके बाद 1997 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों ने औपचारिक गठबंधन किया था. 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भी दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत हुई थी, लेकिन शर्तों पर सहमति नहीं बनने के कारण चर्चा विफल हो गई थी. अब करीब छह साल बाद दोनों दलों ने एक बार फिर साथ आने का फैसला किया है.