menu-icon
India Daily

PM मोदी के जालंधर दौरे से पहले बड़ा अलर्ट, इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई के जालंधर दौरे को लेकर पंजाब पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. एनएच 44 पर दोपहर से शाम तक ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा, जबकि रेलवे यात्रियों को भी आधिकारिक अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.

babli
Edited By: Babli Rautela
PM मोदी के जालंधर दौरे से पहले बड़ा अलर्ट, इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
Courtesy: ani

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जालंधर दौरे को लेकर पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है. पंजाब पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी हैं. प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान शहर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे. साथ ही आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की गई है.

विशेष पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रवीण कुमार सिन्हा के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को दोपहर करीब 3 बजकर 40 मिनट पर जालंधर पहुंचेंगे. उनका कार्यक्रम करीब डेढ़ घंटे का रहेगा. इस दौरान वह जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के पुनर्विकसित परिसर का उद्घाटन करेंगे. साथ ही देशभर के 74 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का भी वर्चुअल उद्घाटन करेंगे.

एनएच 44 पर यात्रा करने से बचने की सलाह

कार्यक्रम स्थल राष्ट्रीय राजमार्ग 44 के निकट होने के कारण पुलिस ने ट्रैफिक को लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की है. लोगों से अपील की गई है कि 17 जुलाई को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजकर 30 मिनट तक लुधियाना, जालंधर, अमृतसर और पठानकोट को जोड़ने वाले एनएच 44 पर अनावश्यक यात्रा से बचें. यदि यात्रा जरूरी हो तो लोग अपने सफर का समय पहले या बाद में तय करें.

कई मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूरे मार्ग को बंद नहीं किया जाएगा. जहां जरूरत होगी वहां वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से निकाला जाएगा. इसके लिए अलग अलग स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और ट्रैफिक को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे.

विशेष डीजीपी प्रवीण कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, लेकिन आम नागरिकों को कम से कम परेशानी हो इसका भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है. इसी कारण ट्रैफिक को पूरी तरह रोकने के बजाय डायवर्ट करने की योजना बनाई गई है. विस्तृत ट्रैफिक प्लान और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी अलग से जारी की जाएगी.

रेल यात्रियों के लिए भी जारी की गई सलाह

प्रधानमंत्री का कार्यक्रम रेलवे स्टेशन परिसर में होने के कारण कुछ समय के लिए रेल सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं. हालांकि रेलवे और पुलिस अधिकारियों के बीच समन्वय बनाकर यात्रियों को न्यूनतम असुविधा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है. रेल यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर जरूर रखें.