menu-icon
India Daily

पंजाब में सुस्त पड़ा मानसून, अगले 4 दिन ज्यादातर जिलों में शुष्क रहेगा मौसम; तापमान में बढ़ोतरी के आसार

पंजाब में बारिश का दौर फिलहाल धीमा पड़ गया है. मौसम विभाग ने 8 से 11 सितंबर तक किसी भी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया है. इस दौरान पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और एसएएस नगर जैसे जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
पंजाब में सुस्त पड़ा मानसून, अगले 4 दिन ज्यादातर जिलों में शुष्क रहेगा मौसम; तापमान में बढ़ोतरी के आसार
Courtesy: ANI

भारत मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ के पूर्वानुमान के अनुसार 8 से 11 सितंबर तक पंजाब में व्यापक बारिश के आसार नहीं हैं. प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. केवल कुछ जिलों में स्थानीय स्तर पर छिटपुट बारिश हो सकती है.

IMD के मुताबिक मंगलवार को पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और एसएएस नगर में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है. वहीं अमृतसर, गुरदासपुर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, फिरोजपुर, मोगा, लुधियाना, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, बरनाला, संगरूर, मानसा, पटियाला और फतेहगढ़ साहिब में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.

9 से 11 सितंबर तक भी छिटपुट बारिश

9 सितंबर को पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और एसएएस नगर में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. बाकी जिलों में मौसम साफ रहने की संभावना है.

10 सितंबर को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और एसएएस नगर में छिटपुट बारिश के आसार हैं. प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है.

11 सितंबर को भी इन्हीं जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है. पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और एसएएस नगर में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है, जबकि बाकी पंजाब में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.

बठिंडा रहा सबसे गर्म शहर

बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ पंजाब के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. सोमवार को राज्य के औसत अधिकतम तापमान में रविवार के मुकाबले 0.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई. बठिंडा हवाई अड्डे पर प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यहां एक दिन में तापमान 2 डिग्री बढ़ा. पटियाला में 35.5, पठानकोट में 35.4, लुधियाना और फरीदकोट में 35 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.

चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अमृतसर में तापमान 2.9 डिग्री बढ़कर 33.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया. मोहाली में 33.8, जालंधर में 32.8, होशियारपुर में 32.6 और गुरदासपुर में 32 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. पंजाब में सोमवार को बारिश भी लगभग न के बराबर रही. सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक प्रदेश के अधिकतर मौसम केंद्रों पर बारिश दर्ज नहीं की गई.