उत्तराखंड में लगातार बारिश हो रही है. बारिश के बीच सोमवार देर शाम हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में अचानक नाले का जलस्तर बढ़ गया. इसी दौरान दो बच्चे तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए. हालांकि लोगों की मदद से एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. वहीं दूसरा बच्चा पानी के तेज बहाव में बहकर लापता हो गया.
उत्तरकाशी में भूस्खलन के कारण मनेरी-भटवाड़ी राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ. पिथौरागढ़ में काली नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर के करीब पहुंच गया है. इससे नदी के आसपास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है. केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भी एक तीर्थयात्री के हादसे के बाद तलाश जारी है.
पिथौरागढ़ के घाट-पनार मार्ग पर पहाड़ी से अचानक बोल्डर गिरने से एक टैक्सी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में दो लोग घायल हुए. इसके अलावा धारचूला-आदि कैलाश मोटर मार्ग पर भी बोल्डर गिरने से यातायात प्रभावित रहा.
नैनीताल जिले में काकड़ीघाट के पास भूस्खलन के चलते हल्द्वानी-खैरना-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवाजाही बाधित हुई. दोगांव के पास नैनीताल राजमार्ग पर भी मलबा आने से रास्ता बंद हो गया था. बाद में दोनों मार्गों से मलबा हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया.
पौड़ी गढ़वाल में लगातार बारिश के बीच सुबह भूस्खलन हुआ. चमोलीसैंण-नैनी कोटली मोटर मार्ग की संपर्क सड़क पर मलबा आने से पाटली और कोटली गांव के बीच रास्ता बंद हो गया. इससे आसपास के करीब सात गांवों की आवाजाही प्रभावित हुई. बाद में सड़क को यातायात के लिए खोल दिया गया.
9 सितंबर
पहाड़ी जिलों में कई जगह गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज से अति तेज बारिश होने की संभावना है.
10 सितंबर
देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट है. राज्य के सभी जिलों में गरज-चमक और तेज बारिश के दौर की आशंका है.
11 सितंबर
प्रदेश के सभी जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी है. पहाड़ी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज से अति तेज बारिश हो सकती है. प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है.