menu-icon
India Daily

पंजाब-चंडीगढ़ में कमजोर पड़ा मानसून, आज ज्यादातर इलाकों में मौसम रहेगा शुष्क; बढ़ सकती है गर्मी

पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है. आज ज्यादातर इलाकों में बारिश के आसार नहीं हैं. पठानकोट, रूपनगर और होशियारपुर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
पंजाब-चंडीगढ़ में कमजोर पड़ा मानसून, आज ज्यादातर इलाकों में मौसम रहेगा शुष्क; बढ़ सकती है गर्मी
Courtesy: AI

पंजाब में मानसून फिलहाल कमजोर स्थिति में पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार आज पठानकोट, रूपनगर और होशियारपुर को छोड़कर राज्य के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इन तीन जिलों में भी हर जगह बारिश नहीं होगी, बल्कि कुछ चुनिंदा स्थानों पर ही हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

चंडीगढ़ में भी आसमान साफ रहने के आसार हैं. बारिश नहीं होने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है.

तापमान में हो सकती है बढ़ोतरी

चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य में अधिकतम तापमान में करीब 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. फिलहाल अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 1.6 डिग्री अधिक चल रहा है. फरीदकोट में सबसे अधिक 36 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. मंगलवार को भी कुछ इलाकों में बारिश का अनुमान लगाया गया था, लेकिन मौसम विभाग का पूर्वानुमान पूरी तरह सही साबित नहीं हुआ और कई क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई. अब आने वाले दिनों में भी मानसून की सक्रियता सीमित रहने की संभावना है.

फिरोजपुर से गुजर रही मानसून ट्रफ

मौसम में नमी बनाए रखने वाली मानसून ट्रफ पंजाब के फिरोजपुर क्षेत्र से होकर गुजर रही है. इसके कारण वातावरण में नमी बनी हुई है, लेकिन फिलहाल कोई ऐसा मजबूत मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है, जिससे पूरे पंजाब और चंडीगढ़ में अच्छी बारिश हो सके. वहीं उत्तर हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इसके प्रभाव से पंजाब के कुछ हिस्सों में बादल बन सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार 14 सितंबर तक पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी बनी रहेगी. उधर, पश्चिमी विक्षोभ अब उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ चुका है. इसके कारण पंजाब और चंडीगढ़ पर उसका सीधा प्रभाव कम हो गया है. ऐसे में फिलहाल प्रदेश में व्यापक बारिश के बजाय कुछ इलाकों तक सीमित बारिश की ही संभावना बनी हुई है.