menu-icon
India Daily

वो रेस्टोरेंट जहां राजीव गांधी की सोनिया गांधी से हुई थी पहली मुलाकात और फिर प्यार चढ़ा परवान

10 नवंबर 2026 को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' रिलीज होने जा रही है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
वो रेस्टोरेंट जहां राजीव गांधी की सोनिया गांधी से हुई थी पहली मुलाकात और फिर प्यार चढ़ा परवान
Courtesy: @SoniaGandhi

10 नवंबर 2026 को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' रिलीज होने जा रही है. अपनी आत्मकथा में सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से अपनी पहली मुलाकात से लेकर अपनी पूरी लव लाइफ का जिक्र किया है. कैसे दोनों के बीच प्यार परवान चढ़ा और फिर कब दोनों ने शादी करने का सोचा...इस किताब में लोगों को सोनिया और राजीव के बीच की प्रेम कहानी का दिलचस्प किस्सा जानने का मौका मिलेगा.

वैसे आपको बता दें राजीव और सोनिया गांधी की पहली मुलाकात  1965 में कैम्ब्रिज के एक छोटे से 'VARSITY' नाम के ग्रीक रेस्टोरेंट में हुई थी. सोनिया गांधी ने दशकों साल पहले हुई इस मुलाकात का जिक्र अपनी किताब में किया है.

सोनिया ने एक्स पर शेयर किए एक वीडियो में बताया,'राजीव और मैंने एक दुनिया बनाई थी जो प्यार से भरी हुई थी. 10 नवंबर को मैं उस दुनिया को आपके साथ साझा करूंगी.'

वीडियो में सोनिया वर्सिटी रेस्टोरेंट में राजीव से मुलाकात को याद करते हुए कहती हैं. वह रेस्टोरेंट भारत और यूरोप के अन्य हिस्से के छात्रों में बड़ा लोकप्रिय है. वह कहती हैं कि हम दोनों के एक कॉमन दोस्त ने एक-दूसरे से हमारी मुलाकात करवाई थी. दो युवा छात्र एक दूसरे के करीब आए और फिर यह पहली मुलाकात आखिरकार शादी में बदल गई.

सोनिया कहती हैं कि उस समय वह इंग्लैंड में ऐसी जगहों की तलाश कर रही थीं जहां उन्हें अपनी पसंद का, विशेष रूप से इटैलियन खाना मिलता हो और यह रेस्टोरेंट अलग-अलग देशों से आए लोगों के लिए एक परिचित मिलन स्थल बन गया था.

वह कहती हैं कि इंग्लैंड का खाना बहुत खराब था. उस समय वहां बहुत सारे रेस्टोरेंट नहीं थे. मगर उन्हें यह नहीं मालूम था कि यह यात्रा उनके मन में एक ऐसी स्मृति छोड़ जाएगी जो परिचित खाने की तलाश से कहीं अधिक व्यापक होगी.

सोनिया याद करती हैं, 'अपनी पहली मुलाकात में ही मुझे एहसास हो गया कि यही वह व्यक्ति है जिसके साथ में समय बिताना चाहूंगी और बेशक मुझे पता चला कि वह भी ऐसा ही सोचते थे.'

वह राजीव को ना केवल उनके लुक्स से बल्कि उनके सौम्य स्वभाव के लिए भी याद करती हैं, जो उनके अनुसार, शुरू से ही उनमें दिखाई देता था.

दोस्ती से रोमांस तक का सफर

दोनों का संबंध दोस्ती से शुरू हुआ था. सोनिया कहती हैं कि हम दोनों पार्टियों में एक साथ समय बिताते थे, नई-नई जगह देखते थे और कैम्ब्रिज में छात्र जीवन की रोजमर्रा के अनुभवों पर चर्चा करते थे. वह अन्य छात्रों के साथ वैलेंटाइन डे पार्टी में शामिल होने को भी याद करती हैं. 

इस वीडियो में सोनिया द्वारा संजोकर रखी गईं कुछ तस्वीरें भी हैं जो राजनीति की चकाचौंध से दूर दोनों के बीच पनप रही एक अलग दुनिया की झलक दिखाती है.

सोनिया और राजीव ने 1968 में शादी की थी. बाद में राजीव गांधी भारत के प्रधानमंत्री बने और उन्होंने 1984 से 89 तक इस जिम्मेदारी को संभाला. 1991 में तमिलनाडु में एक चुनाव प्रचार के दौरान उनकी हत्या कर दी गई थी. उनकी मौत के बाद सोनिया कांग्रेस पार्टी की एक प्रमुख नेता बनकर उभरीं. लव स्टोरी के अलावा उनकी इस आत्मकथा में उनके राजनीतिक जीवन की भी झलक देखने को मिलेगी.