menu-icon
India Daily

देश के 21 राज्यों में आज भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, यूपी-बिहार समेत कई इलाकों में तेज हवाओं की चेतावनी

मौसम विभाग ने 9 सितंबर को देश के 21 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
देश के 21 राज्यों में आज भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, यूपी-बिहार समेत कई इलाकों में तेज हवाओं की चेतावनी
Courtesy: ANI

देश में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम विभाग ने आज यानी 9 सितंबर को कई राज्यों के लिए खराब मौसम की चेतावनी जारी की है. विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार यूपी, बिहार, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब समेत 21 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी का दौर देखने को मिल सकता है.

IMD के मुताबिक कुछ इलाकों में 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. ऐसे में पेड़ गिरने, बिजली व्यवस्था प्रभावित होने और कई जगहों पर जलभराव की समस्या बढ़ सकती है. पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

इन राज्यों में बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक 9 से 11 सितंबर के बीच उत्तर और मध्य भारत के साथ पूर्वी तथा दक्षिणी हिस्सों में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा. इस दौरान उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, गुजरात, असम और महाराष्ट्र में भारी बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है. कई स्थानों पर बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है.

दिल्ली में आज से लेकर अगले तीन दिनों तक बारिश होने का अनुमान है. उत्तर प्रदेश के मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, कानपुर,  प्रयागराज, देवरिया और गोरखपुर में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट है. बिहार में गया, पटना, पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, सिवान, रोहतास, कटिहार, अररिया, बेगूसराय और भागलपुर में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है.

राजस्थान के कई जिलों में भारी बारिश और 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है. मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, विदिशा, नीमच, उमरिया, छिंदवाड़ा समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर, सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर, जांजगीर, धमतरी, दुर्ग, कोरबा और महासमुंद में भी भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.

पहाड़ी राज्यों में मौसम का हाल

उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, बागेश्वर और नैनीताल में बारिश और आंधी का अलर्ट है. हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन, बिलासपुर और किन्नौर में भी तेज बारिश के साथ हवाएं चल सकती हैं. जम्मू-कश्मीर के सांबा, राजौरी, अनंतनाग, बारामूला, डोडा, कठुआ और पुंछ में भी खराब मौसम की आशंका है.