उत्तराखंड में बुधवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हो सकती है. पर्वतीय इलाकों में गरज और चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की संभावना है.
आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. लगातार बारिश के चलते पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आ रही हैं. इससे स्थानीय लोगों के साथ यात्रियों की मुश्किलें बढ़ रही हैं.
पौड़ी जिले में मंगलवार को भूस्खलन के बाद पाबौ बाजार में सुरक्षा को देखते हुए छह दुकानों को खाली कराया गया. बताया गया कि बाजार की 25 से अधिक दुकानों पर खतरा बना हुआ है. बारिश के कारण पहाड़ों से मलबा आने की आशंका लगातार बनी हुई है. इसी तरह बागेश्वर में गरुड़-बागेश्वर-रवाईखाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ दरकने से यातायात प्रभावित हुआ. रास्ता कुछ समय के लिए बंद रहा, जिसे बाद में खोल दिया गया. प्रशासन और संबंधित विभाग संवेदनशील इलाकों पर नजर बनाए हुए हैं.
मौसम विभाग ने 10 से 12 सितंबर के बीच देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी समेत कई जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई है. 10 सितंबर को देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश का यलो अलर्ट है. प्रदेश के सभी जिलों में गरज के साथ बिजली चमकने और तेज बारिश की संभावना बनी रहेगी. वहीं 11 सितंबर को देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है. 12 सितंबर को भी देहरादून, बागेश्वर और उत्तरकाशी में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट है. बाकी जिलों में भी तेज बारिश और आकाशीय बिजली का खतरा बना रहेगा.
राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं. मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. मंगलवार दोपहर बाद भी शहर में तेज बारिश हुई थी. आज देहरादून का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.