पंजाब: मोगा जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. थाना मेहना की पुलिस ने एक नशा तस्कर को 504 ग्राम हेरोइन, 35 हजार रुपये ड्रग मनी और एक अवैध पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान मनजिंदर सिंह उर्फ कालू के रूप में हुई है, जो गांव रोली, जिला मोगा का निवासी है.
डीएसपी धर्मकोट सुखविंदर सिंह ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस पार्टी बस स्टैंड मेहना के पास गश्त कर रही थी. इसी दौरान एक विश्वसनीय सूत्र से खबर मिली कि मनजिंदर सिंह कंधे पर काला बैग लेकर गांव तलवंडी भंगेरियां जाने वाले रास्ते पर आरटी भट्ठा के पास खड़ा है और ग्राहकों का इंतजार कर रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया.
आरोपी के बैग की तलाशी ली गई तो उसमें 504 ग्राम हेरोइन और 35 हजार रुपये नकद बरामद हुए. आगे पूछताछ के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से एक अवैध 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल और उसकी मैगजीन भी मिली.
इस मामले में अब आर्म्स एक्ट की धारा 25 भी जोड़ दी गई है. मनजिंदर सिंह उर्फ कालू नशे की तस्करी का पुराना आदी है. उसके खिलाफ पहले से ही पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है. आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है.
पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी से नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोगा जिले में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है. गुप्त सूचनाओं पर तुरंत कार्रवाई करके पुलिस ऐसे तत्वों को पकड़ने में लगी हुई है जो युवाओं को नशे की लत लगाकर समाज को बर्बाद कर रहे हैं.