menu-icon
India Daily

पंजाब में इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर जौहरी को लगाया लाखों का चूना, असली अंगूठियां लेकर थमा गए नकली सोना

जगराओं के एक जौहरी से इंस्टाग्राम पर फर्जी पहचान बनाकर लाखों रुपये के सोने की ठगी की गई. आरोपियों ने नकली सोना और कागज देकर 36 अंगूठियां ले लीं.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
पंजाब में इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर जौहरी को लगाया लाखों का चूना, असली अंगूठियां लेकर थमा गए नकली सोना
Courtesy: X

पंजाब के जगराओं में सोशल मीडिया के जरिए सोने की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है. एक जौहरी को इंस्टाग्राम पर भरोसे में लेकर लाखों रुपये की सोने की अंगूठियां ले ली गईं. शिकायत के बावजूद पुलिस की कार्रवाई में हुई देरी अब सवालों के घेरे में है.

इंस्टाग्राम पर दोस्ती

जगराओं के मोगा रोड स्थित मुख्य बाजार में संचालित शुभम गोल्ड फर्म के मालिक के साथ यह धोखाधड़ी हुई. पीड़ित के अनुसार, 26 मई 2026 को इंस्टाग्राम पर एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया. उसने खुद को राजस्थान के जोधपुर का ज्वेलरी कारोबारी राजेश जैन बताया और बड़ी मात्रा में सोने की अंगूठियां खरीदने की बात कही. लगातार बातचीत के बाद उसने जौहरी का भरोसा जीत लिया. आरोपी ने कहा कि वह बैंक ट्रांसफर की जगह पहले सुरक्षा के तौर पर 24 कैरेट सोने के दो बिस्कुट और 5 लाख रुपये नकद भेजेगा. भरोसा होने पर जौहरी ने 225.650 ग्राम वजन की 36 सोने की अंगूठियां तैयार कर दीं.

नकली सोना देकर ले गए असली गहने

29 मई को आरोपी ने जौहरी के कर्मचारी को लुधियाना बुलाया. वहां कर्मचारी को कई जगह घुमाने के बाद रात में समराला चौक पहुंचाया गया. बाइक पर आए तीन युवकों ने फोन पर बात कराकर अंगूठियों का पैकेट ले लिया और बदले में एक पैकेट थमा दिया. जब कर्मचारी ने वहीं पैकेट खोलना चाहा तो आरोपियों ने माहौल का डर दिखाकर उसे दुकान पहुंचकर जांच करने की सलाह दी. अगले दिन पैकेट खोला गया तो दो कथित सोने के बिस्कुट नकली निकले. पांच लाख रुपये की गड्डियों में ऊपर और नीचे असली नोट थे. वहां बीच में केवल सफेद कागज भरे हुए थे. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

मोबाइल नंबर देने के बाद भी कार्रवाई में देरी

पीड़ित जौहरी ने वारदात के तुरंत बाद पुलिस को आरोपियों के मोबाइल नंबर और बातचीत से जुड़ी जानकारी उपलब्ध करा दी थी. इसके बावजूद पुलिस ने करीब एक महीने बाद केवल अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया. इस देरी पर स्थानीय व्यापारियों ने भी नाराजगी जताई है. पुलिस का कहना है कि साइबर सेल की मदद से मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच की जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.